
मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित हुए सागर पुलिस के तीन जांबाज, मिला प्रतिष्ठित के.एफ. रुस्तम जी पुरस्कार
सागर। जिला पुलिस बल सागर के लिए गर्व का क्षण उस समय आया, जब राज्य स्तरीय अलंकरण समारोह में सागर पुलिस के तीन अधिकारी/कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवाओं, तकनीकी दक्षता और समाजसेवा के लिए प्रतिष्ठित के.एफ. रुस्तम जी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राजधानी भोपाल के रवीन्द्र भवन में आयोजित समारोह में माननीय मुख्यमंत्री ने उन्हें सम्मान प्रदान किया।
सम्मानित होने वालों में ज्योति तिवारी, प्र.आर. 83 विजय शुक्ला और प्र.आर. 406 अमर तिवारी शामिल हैं। इन सभी को वर्ष 2019-20 के दौरान शासकीय दायित्वों के उत्कृष्ट निर्वहन, समर्पण और पेशेवर दक्षता के लिए पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चयनित किया गया था।
समारोह में विशेष किशोर इकाई, जिला बल सागर में पदस्थ श्रीमती ज्योति तिवारी को बाल विवाह रोकने, भिक्षावृत्ति निवारण, महिला एवं बाल संरक्षण तथा समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए के.एफ. रुस्तम जी अतिविशिष्ट श्रेणी के अंतर्गत 12 बोर गन और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। उनके संवेदनशील और समाजहितैषी कार्यों की प्रदेश स्तर पर सराहना हुई।
वहीं पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय सागर में पदस्थ विजय शुक्ला को साइबर और तकनीकी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, जटिल मामलों के सफल निराकरण और आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग के लिए 50 हजार रुपये नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में राज्य साइबर फॉरेंसिक सागर में पदस्थ अमर तिवारी को साइबर अन्वेषण और अपराध अनुसंधान में आधुनिक तकनीकों के उपयोग के लिए के.एफ. रुस्तम जी विशिष्ट श्रेणी के तहत 50 हजार रुपये नगद और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त कर सागर लौटने पर तीनों अधिकारियों का वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों और मित्रों ने पुष्पमालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। पुलिस परिवार में खुशी और गौरव का माहौल देखने को मिला। अधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान पूरे सागर पुलिस बल के लिए प्रेरणा का विषय है और इससे अन्य कर्मचारियों को भी उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।











