
शाहपुर दोहरे हत्याकांड का खुलासा: दुर्घटना दिखाने की साजिश नाकाम, 2 आरोपी गिरफ्तार
सागर जिले के थाना सानौधा अंतर्गत चौकी शाहपुर क्षेत्र में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने हत्या की वारदात को सड़क दुर्घटना साबित करने की साजिश रची थी, लेकिन पुलिस की वैज्ञानिक विवेचना और तकनीकी जांच के सामने उनकी पूरी कहानी बेनकाब हो गई।
पुलिस के अनुसार 8 मई 2026 की रात शराब बेचने के संदेह को लेकर शाहपुर निवासी सूरज अहिरवार और नीरज प्रजापति का रास्ता रोककर आरोपियों ने जातिसूचक गालियां देते हुए लाठी और लोहे की रॉड से हमला किया। हमले में नीरज प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सूरज अहिरवार ने इलाज के दौरान 10 मई को दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आरोपियों ने मामले को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की। मृतकों की मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ की गई और बोलेरो वाहन को सड़क किनारे खंती में उतारकर दुर्घटना जैसा दृश्य तैयार किया गया। हालांकि पुलिस ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण, वैज्ञानिक साक्ष्य संग्रह और गवाहों से पूछताछ के बाद हत्या की साजिश का खुलासा कर दिया।
मामले में थाना सानौधा में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने लगातार दबिश देकर 11 मई को मुख्य आरोपी नीलेश अहिरवार और अंशुल यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी नीलेश अहिरवार पर पहले से 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसे पूर्व में जिला बदर भी किया जा चुका है। वहीं आरोपी अंशुल यादव के खिलाफ भी मारपीट का मामला दर्ज बताया गया है।
फिलहाल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और वैज्ञानिक जांच की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।











