
सार्वजनिक शौचालय बना अव्यवस्थाओं का अड्डा, महिलाओं को हो रही भारी परेशानी
सागर। नगर निगम के विठ्ठल नगर वार्ड स्थित सार्वजनिक शौचालय बदहाल व्यवस्था के चलते वार्डवासियों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। स्थानीय निवासी लक्ष्मीकांत राज ने बताया कि शौचालय में पानी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है और रात के समय बिजली भी बंद रहती है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि 6 सीटर शौचालय में से तीन सीटों पर दरवाजे तक नहीं लगे हैं। ऐसे में कई लोगों को मजबूरी में अपने साथ लाए तौलिया या टॉवेल दरवाजे पर डालकर उपयोग करना पड़ता है, जिससे खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को शर्मिंदगी झेलनी पड़ती है।
वार्डवासियों का कहना है कि महिला और पुरुषों के आने-जाने के लिए एक ही रास्ता होने से असुविधा और असुरक्षा की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों और नगर निगम प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि समस्याओं के समाधान की ओर कोई गंभीर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
निवासियों ने मांग की है कि शौचालय में पानी, बिजली और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था जल्द सुनिश्चित की जाए, साथ ही टूटे और बिना दरवाजों वाले हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को सम्मानजनक सुविधाएं मिल सकें।











