
शाहगढ़ में कलेक्टर प्रतिभा पाल की जनसुनवाई, मौके पर हुआ समस्याओं का समाधान
सागर, 12 मई 2026। आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से कलेक्टर प्रतिभा पाल ने मंगलवार को शाहगढ़ क्षेत्र का दौरा कर विशेष जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को तय समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में पेयजल, राजस्व और जनहितकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। कलेक्टर ने सीमांकन, नामांतरण, नक्शा सुधार, अभिलेख दुरुस्ती और भूमि पर अवैध कब्जों से संबंधित मामलों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए 10 दिवसीय विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए, जिसकी मॉनिटरिंग एसडीएम और एसडीओपी स्तर के अधिकारी स्वयं करेंगे।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर के निर्देश पर मौके पर ही समग्र आईडी में नाम जोड़ने की कार्रवाई की गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनाए जाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए, ताकि कोई भी व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
इस दौरान लोक निर्माण विभाग, मनरेगा, खाद्य विभाग और एमपीईबी से जुड़ी समस्याओं पर भी सुनवाई हुई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी प्रकरणों का निराकरण तीन दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक केवी सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।











