
शाहपुर डबल मर्डर केस में दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
सागर। जिले के सानौधा थाना अंतर्गत शाहपुर चौकी क्षेत्र में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार, बीते दिनों शाहपुर क्षेत्र स्थित शराब दुकान पर कर्मचारियों और स्थानीय युवकों के बीच विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि शराब दुकान कर्मियों ने दो युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। इस घटना में नीरज प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई थी। आरोप है कि घटना को हादसे का रूप देने की कोशिश भी की गई, लेकिन पुलिस जांच में मामला हत्या का निकला।
वहीं गंभीर रूप से घायल सूरज अहिरवार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान दूसरे दिन उसकी भी मौत हो गई। दो युवकों की मौत की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना से नाराज परिजनों और क्षेत्रवासियों ने शाहपुर चौकी के सामने चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। आक्रोशित भीड़ ने शराब दुकान में आगजनी भी कर दी थी। हालात बिगड़ते देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया।
मामले को लेकर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। सानौधा थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद से शाहपुर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।











