प्रतिभाओं को सही मंच और विश्वास मिले तो छोटे शहरों के खिलाड़ी भी बड़ी पहचान बना सकते हैं : रिशांक तिवारी

प्रतिभाओं को सही मंच और विश्वास मिले तो छोटे शहरों के खिलाड़ी भी बड़ी पहचान बना सकते हैं : रिशांक तिवारी

संकल्प फाउंडेशन ने गोवा ओपन नेशनल टूर्नामेंट के लिए सनातन फुटबॉल क्लब को स्पोर्ट्स जर्सी स्पॉन्सरशिप की, अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया

सागर। युवाओं और खेल प्रतिभाओं को लगातार प्रोत्साहित कर रहे, संकल्प फाउंडेशन ने मंगलवार को एक बार फिर सकारात्मक पहल करते हुए सनातन फुटबॉल क्लब के गोवा ओपन नेशनल टूर्नामेंट में खेलने जा रहे खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स जर्सी स्पॉन्सरशिप कर प्रदान की। खेल परिसर मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं भाजपा प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रिशांक तिवारी ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें नई टीम जर्सी वितरित की तथा उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान रिशांक तिवारी ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर, उनका परिचय प्राप्त किया और मैदान में उनके अभ्यास व खेल भावना की सराहना की। इस अवसर पर संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट श्री रिशांक तिवारी ने कहा कि मैदान पर बहाया गया पसीना ही खिलाड़ी की असली पहचान होता है। श्री तिवारी ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास, संघर्ष और टीम भावना जैसी महत्वपूर्ण सीख देते हैं, जो जीवन के हर क्षेत्र में काम आती हैं। उन्होंने कहा कि आज के युवा, खेल को सिर्फ शौक के लिए नहीं, बल्कि एक मजबूत करियर विकल्प के रूप में देखकर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। देश के कई खिलाड़ी छोटे शहरों और साधारण परिवारों से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि स्थानीय स्तर पर भी खिलाड़ियों को बेहतर माहौल, संसाधन और लगातार प्रोत्साहन मिलता रहे।

रिशांक तिवारी ने जिला फुटबॉल संघ (DFA) की सराहना करते हुए कहा कि संस्था खिलाड़ियों को बेहतर माहौल देने के साथ उन्हें लगातार प्रशिक्षण और मार्गदर्शन भी उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह DFA युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को निखारने का कार्य कर रहा है, वह निश्चित रूप से आने वाले समय में सागर को नई खेल पहचान देगा।

इस अवसर पर रिशांक तिवारी ने कहा कि संकल्प फाउंडेशन का उद्देश्य है कि शहर की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए एक सकारात्मक मंच मिले और हमारी संस्था लगातार शिक्षा, युवा जागरूकता, सामाजिक सेवा और खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं के साथ जुड़कर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जब किसी खिलाड़ी को समाज और संस्थाओं का सहयोग मिलता है, तो उसका आत्मविश्वास कई गुना बढ़ जाता है और वही विश्वास उसे बड़े मंच तक पहुंचाने का काम करता है।

उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, लेकिन मैदान में पूरी मेहनत, ईमानदारी और जुनून के साथ उतरना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए लगातार मेहनत और अनुशासन बनाए रखने की बात कही।

वहीं जिला फुटबॉल संघ के सचिव विशाल तोमर ने संकल्प फाउंडेशन एवं अध्यक्ष रिशांक तिवारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को मिली यह जर्सी स्पॉन्सरशिप उनके लिए केवल एक नया उत्साह और एक नई ऊर्जा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे सहयोग से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है और युवाओं को खेलों के प्रति सकारात्मक प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम के अंत में खिलाड़ियों ने पूरे समर्पण और जोश के साथ बेहतर प्रदर्शन कर, शहर का नाम रोशन करने का संकल्प लिया। इस दौरान श्याम जी दुबे, जावेद खान, विशाल रजक, आदित्य सहित खेलप्रेमी एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामय उपस्थिति रही।

Leave a Comment

Read More