सागर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.08 करोड़ की अवैध अंग्रेजी शराब समेत कंटेनर जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार

सागर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.08 करोड़ की अवैध अंग्रेजी शराब समेत कंटेनर जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार
सागर जिले के मकरोनिया थाना क्षेत्र में पुलिस और यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब पकड़ी गई। वाहन चेकिंग के दौरान कंटेनर ट्रक से करीब 1 करोड़ 1 लाख रुपये कीमत की 1500 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने वाहन समेत कुल 1 करोड़ 8 लाख 25 हजार रुपये का मशरूका जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई थाना मकरोनिया पुलिस और यातायात थाना सागर की संयुक्त टीम ने की। जानकारी के अनुसार 12 मई 2026 को मकरोनिया चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान कंटेनर ट्रक क्रमांक MP 09 DF-0620 को रोककर तलाशी ली गई। जांच में ट्रक के भीतर बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब छिपाकर परिवहन करते हुए मिली।
पुलिस के मुताबिक जब्त शराब की मात्रा लगभग 13,500 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 1,01,25,000 रुपये आंकी गई है। वहीं कंटेनर वाहन की कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है।
वाहन चालक विजय दांगी निवासी ब्राह्मणगांव थाना माचलपुर जिला राजगढ़ शराब परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। मामले में विजय दांगी और रामचंद्र वर्मा सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पूछताछ में अवैध शराब सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अब शराब के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रविंद्र सिंह चौहान, सूबेदार हेमंत पटेल, उप निरीक्षक राजेश शर्मा, एएसआई सोहन मरावी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Comment

Read More