
खाद्य विभाग की कार्रवाई
सागर फल मंडी में मचा हड़कंप
सागर शहर की फल एवं सब्जी मंडी में खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खराब और संदिग्ध गुणवत्ता वाले फलों को जब्त किया है। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति राय के नेतृत्व में टीम ने बुधवार को मंडी में अचानक छापेमार कार्रवाई की। टीम के पहुंचते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से भाग निकले।
जांच के दौरान कई दुकानों पर खराब, सड़े-गले फल पाए गए। साथ ही कुछ व्यापारियों के पास वैध खाद्य लाइसेंस भी नहीं मिला। पप्पू अख्तर नामक व्यापारी की दुकान पर बड़ी मात्रा में खराब फल मिलने के साथ लाइसेंस संबंधी अनियमितता भी सामने आई। विभाग ने मौके से फलों के सेंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
कार्रवाई के दौरान अन्य फ्रूट कंपनी समेत कई दुकानों की भी जांच की गई। अधिकारियों ने व्यापारियों से लाइसेंस और खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज मांगे है। खामिया पाए जाने वाले संबंधित व्यापारियों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति राय ने बताया कि विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि मंडी में निम्न गुणवत्ता और संभवतः केमिकल युक्त फलों की बिक्री हो रही है, जिससे लोगों की सेहत पर खतरा था। इसी को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करना नियमों का उल्लंघन है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। फिलहाल विभाग जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है, जिसके आधार पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











