IPL सट्टे पर मोतीनगर पुलिस का बड़ा एक्शन, युवक रंगे हाथ गिरफ्तार

IPL सट्टे पर मोतीनगर पुलिस का बड़ा एक्शन, युवक रंगे हाथ गिरफ्तार
सागर में आईपीएल क्रिकेट सट्टे के खिलाफ मोतीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के मोबाइल से लाखों रुपये के हार-जीत का हिसाब, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और सट्टे के रिकॉर्ड मिलने से पुलिस भी हैरान रह गई।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि बीजासेन मंदिर के पास एक युवक मोबाइल के जरिए IPL मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में टीम ने मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी रंजीत सोनी (24) निवासी पुरव्याऊ टौरी, थाना कोतवाली, सागर को RCB और KKR के बीच चल रहे IPL मैच पर दांव लगवाते हुए पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से ओप्पो कंपनी का 5G मोबाइल फोन जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
मोबाइल की जांच में ऑनलाइन सट्टा वेबसाइट संचालित होना पाया गया। पुलिस को उसमें लाखों रुपये के लेन-देन, दांव, हार-जीत और विभिन्न टीमों पर लगाए गए पैसों का पूरा रिकॉर्ड मिला है। अब पुलिस ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और नेटवर्क की विस्तृत जांच में जुट गई है।
मोतीनगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सट्टा एक्ट की धारा 4(क) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश होने के लिए नोटिस देकर पाबंद किया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, उप निरीक्षक गौरव गुप्ता, प्रधान आरक्षक दिनेश, अरुण, आरक्षक अखलेश, गुड्डू, संजय जोनवार, सत्येन्द्र और मंजीत की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Comment

Read More