रक्तदान से लेकर पर्यावरण संरक्षण तक, संकल्प फाउंडेशन चलाएगा व्यापक जनअभियान : रिशांक तिवारी

रक्तदान से लेकर पर्यावरण संरक्षण तक, संकल्प फाउंडेशन चलाएगा व्यापक जनअभियान : रिशांक तिवारी

संकल्प फाउंडेशन की बैठक में रक्तदान, साइकिल रैली, पौधारोपण, हेल्थ चेकअप एवं एजुकेशनल कैंप सहित कई जनहित कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार

सागर। गुरुवार को समाजसेवी संस्था संकल्प फाउंडेशन की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री रिशांक तिवारी जी की अध्यक्षता में हुआ। बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों से जुड़े पदाधिकारियों, अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर आगामी सामाजिक, पर्यावरणीय एवं जनहित कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की।

बैठक को संबोधित करते हुए संकल्प फाउंडेशन अध्यक्ष श्री रिशांक तिवारी जी ने कहा कि, हमारा संकल्प फाउंडेशन लगातार समाजहित से जुड़े विषयों पर सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है और आने वाले समय में संगठन शहर के प्रत्येक वार्ड तक अपनी सामाजिक गतिविधियों को और अधिक मजबूती से पहुंचाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य एवं युवाओं की भागीदारी जैसे विषयों को लेकर हमारा फाउंडेशन लगातार जनजागरूकता अभियान चलाता रहेगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 16 मई को पूर्व गृहमंत्री एवं विधायक माननीय श्री भूपेंद्र सिंह जी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विशाल रक्तदान शिविर में संकल्प फाउंडेशन सक्रिय सहभागिता करेगा। जिसमें संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में रक्तदान शिविर से जुड़ेंगे तथा युवाओं को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करेंगे।

बैठक के दौरान देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा हाल ही में दिए गए जिम्मेदार जीवनशैली, ईंधन बचत एवं साइक्लिंग को बढ़ावा देने संबंधी संदेश का भी उल्लेख किया गया। इसके साथ ही बैठक में 17 मई, रविवार सुबह 7 बजे शहर में साइकिल रैली आयोजित करने का निर्णय लिया गया। यह रैली पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत एवं फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निकाली जाएगी। इस अवसर पर अध्यक्ष श्री रिशांक तिवारी जी ने कहा कि छोटी दूरी के लिए साइकिल अपनाना न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस साइकिल रैली में सागर के समस्त जागरूक नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह भी किया।

वहीं बैठक में आगामी 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस को लेकर भी व्यापक चर्चा हुई। इस दौरान निर्णय लिया गया कि संकल्प फाउंडेशन के सभी सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाएंगे। बैठक में जानकारी दी गई कि संकल्प फाउंडेशन द्वारा अब तक लगभग 900 पौधे लगाए जा चुके हैं तथा आगामी लक्ष्य 11 हजार पौधारोपण का रखा गया है। इस दौरान अध्यक्ष श्री रिशांक तिवारी जी ने समस्त सदस्यों को निर्देश देते हुए कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखरेख पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इसके अतिरिक्त बैठक में बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए एजुकेशनल समर कैंप आयोजित करने की रूपरेखा भी तैयार की गई। इन कैंपों में संकल्प फाउंडेशन द्वारा बच्चों के लिए शैक्षणिक, रचनात्मक एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में हेल्थ चेकअप कैंप आयोजित कर आम नागरिकों को स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श सुविधा उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में संगठन विस्तार को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा की गई तथा जल्द ही संकल्प फाउंडेशन द्वारा वार्ड प्रभारियों की घोषणा किए जाने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही आगामी सभी कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु पदाधिकारियों एवं सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपने तथा नियमित समीक्षा बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

इस अवसर पर शुभम नामदेव, नमन चौबे, प्रियंक चाचौंदिया, ध्रुव मिश्रा, उज्जवल तिवारी, मयंक तिवारी, सुरेन्द्र पटेल, शुभम सागर, अजय चौरसिया, मोहित ठाकुर सहित संकल्प फाउंडेशन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More