देवरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 57.6 लीटर अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार, बाइक जब्त

देवरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 57.6 लीटर अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार, बाइक जब्त
सागर जिले के देवरी थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 57.600 लीटर देशी शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक मोटरसाइकिल से बड़ी मात्रा में शराब लेकर देवरी की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने फोर लाइन कांसखेड़ा तिराहा मलेह रोड पर घेराबंदी की।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सिद्धार्थ उर्फ सिद्दू राजपूत (20) निवासी ग्राम जैतपुर थाना देवरी बताया। उसके पास से दो थैलों में रखी 320 पाव देशी लाल मसाला और प्लेन शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 57.600 लीटर और कीमत करीब 32 हजार रुपये बताई गई। वहीं शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 70 हजार रुपये है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 178/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपी ने विक्रम दांगी निवासी जैतपुर पिपरिया का नाम भी बताया है, जिसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई थाना प्रभारी हरिराम मानकर के नेतृत्व में देवरी पुलिस टीम द्वारा की गई।

Leave a Comment

Read More