
मकरोनिया एवं कर्रापुर जल प्रदाय व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न
मकरोनिया/15.05.2026:
नगर पालिका परिषद मकरोनिया के सभाकक्ष में नरयावली विधायक प्रदीप लारिया के मुख्य आतिथ्य में मकरोनिया एवं कर्रापुर निकायों की जल प्रदाय व्यवस्था तथा “नल-जल हर घर जल” योजना की प्रगति को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग भोपाल, एमपीयूडीसी, नगर पालिका मकरोनिया तथा टाटा प्रोजेक्ट समूह के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
बैठक में विधायक लारिया ने क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति से संबंधित समस्याओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए जल प्रदाय व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका परिषद मकरोनिया में वर्तमान जल सप्लाई दर, वितरण व्यवस्था तथा नगर निगम सागर एवं मकरोनिया के मध्य पूर्व से संचालित जल आपूर्ति प्रणाली की तकनीकी एवं प्रशासनिक स्थिति का परीक्षण कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
विधायक लारिया ने कहा कि जिन वार्डों में जल आपूर्ति संबंधी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, वहां रेगुलेशन व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए वाल्व संचालन एवं तकनीकी सुधार के माध्यम से नियमित जल प्रदाय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने एमपीयूडीसी एवं नगर पालिका मकरोनिया को संयुक्त अभियान चलाकर जल वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जलकर वसूली को प्रभावी बनाने हेतु “अमृत मित्र योजना” के माध्यम से विशेष अभियान संचालित करने, टाटा कंपनी द्वारा घर-घर संपर्क कर बकाया जलकर की वसूली सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर नियम अनुसार कनेक्शन विच्छेदन की कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही नगर पालिका मकरोनिया, एमपीयूडीसी एवं टाटा प्रोजेक्ट के संयुक्त संचालन हेतु नगर पालिका कार्यालय में एकीकृत कंट्रोल रूम स्थापित करने पर सहमति बनी।
विधायक लारिया ने पूर्व में नगर निगम सागर द्वारा नगर पालिका मकरोनिया को हस्तांतरित 5180 जल कनेक्शनों की अमानत राशि के संबंध में आवश्यक पत्राचार करने के निर्देश दिए। साथ ही अनावश्यक रूप से बह रहे पेयजल को रोकने के लिए टोटी लगाने एवं जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में भोपाल से पधारे नगरीय प्रशासन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों डॉ. उदय रोमन एवं कार्यपालन यंत्री श्री वीरेंद्र सिंह ने प्रदेश स्तर पर संचालित जल प्रदाय योजनाओं के संचालन, तकनीकी चुनौतियों एवं उनके समाधान पर मार्गदर्शन प्रदान किया। अधिकारियों ने क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
बैठक में कार्यपालन यंत्री जीवेंद्र सिंह, सागर संभाग के कार्यपालन यंत्री श्री मेघ तिवारी, एमपीयूडीसी के अधिकारी बरेले, अब्दुल आशिफ एवं आकाश अग्रवाल सहित नगर पालिका अध्यक्ष मिहीलाल अहिरवार, सीएमओ पवन कुमार शर्मा, उपयंत्री सत्यम देवलिया, सनी जैन, अंकित मिश्रा तथा टाटा प्रोजेक्ट समूह के प्रतिनिधि श्री प्रकाश मिश्रा एवं मधुसूदन तिवारी उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पार्षदगणों ने भी विभिन्न वार्डों की पेयजल समस्याओं से अवगत कराते हुए आवश्यक सुधार कार्यों के सुझाव प्रस्तुत किए। विधायक लारिया ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रीष्मकाल में नागरिकों को निर्बाध एवं सुचारु पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा “हर घर जल” योजना के लक्ष्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।











