
राहतगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : महिला सहित दो तस्कर गिरफ्तार, 4 किलो गांजा और ऑटो जब्त
सागर जिले के थाना राहतगढ़ पुलिस एवं चौकी सीहोरा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.030 किलोग्राम गांजा एवं परिवहन में प्रयुक्त ऑटो वाहन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 14 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग ऑटो वाहन से गांजा का परिवहन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जौहरिया तिगड्डा के पास आम रोड किनारे घेराबंदी कर कार्रवाई की।
रेड के दौरान पुलिस ने ऑटो क्रमांक MP15ZQ 7667 को रोककर तलाशी ली। वाहन चालक नरेन्द्र जैन था, जबकि पीछे बैठी महिला आरोपी के बैग की जांच में अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए कुल 4.030 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है, जब्त किया। साथ ही करीब 3 लाख रुपये कीमत का ऑटो वाहन भी जब्त किया गया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया।











