नवनियुक्त जनभागीदारी अध्यक्ष विजय डहेरिया ने किया कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय का निरीक्षण, व्यवस्थाओं और विकास कार्यों का लिया जायजा

नवनियुक्त जनभागीदारी अध्यक्ष विजय डहेरिया ने किया कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय का निरीक्षण, व्यवस्थाओं और विकास कार्यों का लिया जायजा
सागर। शासकीय कला एवं वाणिज्य अग्रणी महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष एवं डिप्टी कलेक्टर विजय डहेरिया ने महाविद्यालय का प्रथम औपचारिक भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने उनका स्वागत करते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान  डहेरिया ने स्थापना शाखा, नोडल ऑफिस, प्रवेश हेल्पडेस्क एवं परीक्षा विभाग का अवलोकन किया और विद्यार्थियों की सुविधा के लिए संचालित हेल्पडेस्क की सराहना की। उन्होंने प्रवेश प्रक्रिया को और अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
भ्रमण के दौरान स्वामी विवेकानंद प्रकोष्ठ में संचालित रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. प्रतिभा जैन ने बताया कि छात्र-छात्राओं को ब्यूटीशियन, पेंटिंग, मेहंदी, वादन, गायन एवं मीडिया जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। श्री डहेरिया ने इन गतिविधियों को विद्यार्थियों के आत्मनिर्भर भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कैंटीन, सेमिनार हॉल, एनसीसी, एनएसएस एवं खेल विभाग सहित विभिन्न अधोसंरचनात्मक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही बीएड भवन में चल रहे रिनोवेशन कार्य एवं भूगोल लैब के निर्माण कार्य को गुणवत्ता एवं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
परिसर भ्रमण के दौरान महाविद्यालय में स्थापित वर्मी कम्पोस्ट यूनिट एवं वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का भी अवलोकन किया गया। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे इन प्रयासों की श्री डहेरिया ने सराहना की।
इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा और नवनियुक्त अध्यक्ष का आत्मीय स्वागत किया।

Leave a Comment

Read More