
श्री शांतिनाथ भगवान के कल्याणक पर महिला परिषद का आयोजन, विश्व परिवार दिवस पर संयुक्त परिवार का सम्मान
सागर। प्रथम ज्येष्ठ चतुर्दशी के अवसर पर 16वें तीर्थंकर भगवान श्री शांतिनाथ जी के जन्म, तप एवं मोक्ष कल्याणक पर अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद मरुदेवी संभाग की सद्भावना शाखा एवं बालक हिल व्यू शाखा द्वारा श्री 1008 शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में संयुक्त रूप से लड्डू बनाकर अर्पित किए गए।
इस अवसर पर आयोजित श्रमण संस्कृति संस्कार शिविर के आठ दिवसीय कार्यक्रम में परिषद की सदस्या श्रीमती प्रियंका जैन मार्बल द्वारा समस्त शिविरार्थियों के लिए एक दिवस का स्वल्पाहार कराया गया। शिविर में पधारे विद्वत भैया श्री अर्पित भैया जी एवं श्री श्रेयांश भैया जी को सद्भावना शाखा सचिव श्रीमती डाली जैन के निवास पर भोजन हेतु आमंत्रित कर परिषद द्वारा सम्मानित भी किया गया।
शिविर में आयोजित द्रव्य संग्रह परीक्षा में प्रथम स्थान श्रीमती संध्या बड़कुल, द्वितीय श्री सोनल जैन एवं तृतीय स्थान पर सद्भावना शाखा अध्यक्ष श्रीमती रश्मि आलोक जैन रहीं, जिन्हें सम्मानित किया गया।
वहीं महावीर जयंती के अवसर पर नगर में आयोजित सामूहिक महावीर स्वामी निर्वाण उत्सव में सद्भावना शाखा द्वारा प्रस्तुत “संत-पंथ भेदभाव रहित जैन धर्म प्रभावना” विषयक झांकी को भी पुरस्कृत किया गया। आयोजन समिति श्री गौराबाई जी दिगंबर जैन मंदिर द्वारा शाखा अध्यक्ष श्रीमती रश्मि जैन, सचिव श्रीमती डाली चौधरी एवं कोषाध्यक्ष श्रीमती अमिता जैन को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस के अवसर पर परिषद की सद्भावना शाखा की पदाधिकारी एवं सदस्य डॉ. प्रदीप चौहान एवं डॉ. ज्योति चौहान के निवास पहुंचे, जहां चार पीढ़ियों के संयुक्त परिवार के साथ स्वल्पाहार, फोटोग्राफी एवं पारिवारिक अनुभवों का आदान-प्रदान किया गया। कार्यक्रम में संयुक्त परिवार की परंपरा और उसके सामाजिक महत्व पर भी चर्चा की गई।











