
पटकुई बरारू में गूंज रही शिव महापुराण कथा, विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने किया कथा श्रवण
व्यासपीठ से लिया आशीर्वाद, आयोजन की सराहना कर यजमान को दी बधाई
सागर। ग्राम पटकुई बरारू में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा का धार्मिक वातावरण श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत दिखाई दे रहा है। कथा व्यास साध्वी वेदांगनी पांडे के मुखारविंद से प्रवाहित हो रही शिव महापुराण कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन उपस्थित होकर धर्मलाभ अर्जित कर रहे हैं।
इसी क्रम में सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन कथा स्थल पहुंचे एवं भगवान शिव की महिमा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। उन्होंने व्यासपीठ पर पहुंचकर कथा व्यास से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा कथा आयोजन की सराहना की।
इस अवसर पर विधायक श्री जैन ने कहा कि शिव महापुराण जैसी धार्मिक कथाएं समाज में आध्यात्मिक चेतना, संस्कार एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं। ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी सद्भाव, नैतिक मूल्यों एवं सेवा भावना को बल मिलता है।
विधायक श्री जैन ने कथा आयोजन के यजमान पन्नालाल पटेल को भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण निर्मित होता है और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है।
कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारों के साथ भक्तिमय माहौल में कथा का आनंद लिया। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।











