
कार्यकर्ताओं के घरों से आए टिफिनों संग मना ‘बंगाल विजय उत्सव’, 207 सीटों की ऐतिहासिक जीत का बना अनोखा प्रतीक
सागर। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिवस रात्रि भोज में संगठन द्वारा एक अभिनव और आत्मीय पहल देखने को मिली। सागर विधानसभा क्षेत्र में निवासरत कार्यकर्ताओं के घरों से भोजन के टिफिन आमंत्रित किए गए, जिन्हें एक स्थान पर एकत्रित कर सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक सहभोज किया तथा बंगाल में मिली ऐतिहासिक विजय का उत्सव मनाया।
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि इस विशेष नवाचार में लगभग 150 कार्यकर्ताओं के घरों से टिफिन आए। आयोजन स्थल पर बंगाल प्रांत के नक्शे की भव्य प्रतिकृति एवं आकर्षक रंगोली बनाई गई थी। इसी के मध्य टिफिनों को इस प्रकार सजाया गया कि वह “207” सीटों की ऐतिहासिक जीत का प्रतीक बन गया। यह दृश्य संगठन की एकता, आत्मीयता और कार्यकर्ता आधारित संस्कृति का जीवंत संदेश देता हुआ पूरे प्रशिक्षण वर्ग में चर्चा का विषय बना रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने इसे भाजपा की पारिवारिक संस्कृति और संगठनात्मक समरसता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। सामूहिक सहभोज के दौरान आत्मीय संवाद, अनुशासन एवं अपनत्व का वातावरण पूरे परिसर में दिखाई दिया।
इस अवसर पर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी को अपने हाथों से मिष्ठान खिलाकर इस नवाचार के लिए बधाई दी। सहभोज में जिला प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, सांसद लता वानखेड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, डॉ. दीपक सिंह सहित प्रशिक्षण वर्ग के सभी प्रतिभागी उपस्थित रहे। श्रीकांत जैन
जिला मीडिया प्रभारी भाजपा सागर











