
डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय में कुलपति का औचक निरीक्षण
एनईपी-सीबीसीएस सेमेस्टर परीक्षाओं की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, विद्यार्थियों की सुविधाओं पर दिया विशेष जोर
सागर। डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय में आयोजित एनईपी-सीबीसीएस सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वाय. एस. ठाकुर ने महर्षि कणाद भवन में बनाए गए परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कुलपति ने परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों, बैठने की व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संचालित हो तथा विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कुलपति ने परीक्षा केंद्र पर उपस्थित विद्यार्थियों से भी चर्चा कर व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को शांत, सुरक्षित और निष्पक्ष परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर मुख्य परीक्षा समन्वयक प्रो. रितु यादव सहित परीक्षा केंद्र के अधीक्षक एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि परीक्षाएं सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।











