1529 यूनिट रक्तदान के साथ बना सेवा का महाकुंभ, दमोह-टीकमगढ़ को सौंपा 130 यूनिट रक्त

1529 यूनिट रक्तदान के साथ बना सेवा का महाकुंभ, दमोह-टीकमगढ़ को सौंपा 130 यूनिट रक्त
पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह के जन्मदिन पर आयोजित रक्तदान शिविर के तीसरे दिन तक 1529 यूनिट रक्त संग्रह, चौथे दिन और बढ़ने की उम्मीद
सागर। पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक Bhupendra Singh के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित चार दिवसीय विशाल रक्तदान शिविर ने मानव सेवा का नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। शिविर के तीसरे दिन तक कुल 1529 यूनिट रक्त संग्रहित किया जा चुका है, जिनमें से 130 यूनिट रक्त दमोह और टीकमगढ़ जिला चिकित्सालयों की टीमों को सौंपा गया। मंगलवार 19 मई को समापन दिवस पर रक्तदाताओं की संख्या में और वृद्धि की संभावना जताई गई है।
होटल ग्रैंड दीपाली के सिग्नेचर हॉल में चल रहे इस महाअभियान के तीसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पत्रिका समाचार पत्र के संपादक Nitin Tripathi ने कहा कि यह आयोजन केवल रक्तदान शिविर नहीं, बल्कि सेवा और संवेदना का महाअनुष्ठान है। उन्होंने कहा कि “रक्तदाता वास्तव में देवता बन जाता है, क्योंकि वह किसी अनजान व्यक्ति को जीवनदान देता है।” उन्होंने इस अभियान को बुंदेलखंड की नई पहचान बताते हुए कहा कि लगभग 14 हजार रक्तवीर अब तक इस सेवा यात्रा से जुड़ चुके हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ चिकित्सक एवं समाजसेवी Dr Rajendra Chauda ने कहा कि यह आयोजन मानव सेवा का महाकुंभ बन चुका है। उन्होंने बताया कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक प्रक्रिया है। नियमित रक्तदान से शरीर में रक्त निर्माण सक्रिय होता है, आयरन संतुलित रहता है तथा हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा कम होता है। उन्होंने जानकारी दी कि एक यूनिट रक्त से तीन मरीजों की जान बचाई जा सकती है, क्योंकि रक्त के विभिन्न कंपोनेंट अलग-अलग मरीजों को चढ़ाए जाते हैं।
डॉ. चौदा ने यह भी बताया कि जल्द ही Bundelkhand Medical College में 5000 यूनिट क्षमता वाला अत्याधुनिक ब्लड बैंक और ब्लड सेपरेटर यूनिट शुरू होने जा रही है, जिससे सागर जिले को बड़ी सुविधा मिलेगी।
दमोह और टीकमगढ़ को सौंपा गया रक्त
शिविर में एकत्रित रक्त में से 75 यूनिट टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय तथा 55 यूनिट दमोह जिला चिकित्सालय की टीमों को सौंपे गए। रक्त सौंपते समय Bhupendra Singh ने रक्त की थैलियों को श्रद्धापूर्वक प्रणाम कर रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर टीकमगढ़ और दमोह अस्पतालों की चिकित्सा टीमों को सम्मानित भी किया गया।
तीसरे दिन महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी
रक्तदान शिविर में अब तक 44 महिलाओं ने रक्तदान किया है। तीसरे दिन 23 महिला रक्तवीरांगनाओं ने रक्तदान कर समाज में सकारात्मक संदेश दिया। मालथौन, बांदरी, खुरई और सागर से बड़ी संख्या में महिलाएं इस अभियान में शामिल हुईं।
सामाजिक संगठनों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी
तीसरे दिन पत्रकारों, चिकित्सकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं ने बड़ी संख्या में रक्तदान किया। खुरई सिविल अस्पताल के बीएमओ डॉ. रामजी ठाकुर अपनी टीम के साथ पहुंचे, वहीं विभिन्न नगरों और गांवों से आए युवाओं ने समूह बनाकर रक्तदान किया। कई लोग पौधरोपण और रक्तदान दोनों अभियानों से जुड़ते नजर आए।
आज होगा समापन दिवस का शुभारंभ
19 मई को शिविर के चौथे और अंतिम दिन का शुभारंभ विभिन्न धर्मगुरुओं की उपस्थिति में होगा। आयोजन समिति के अनुसार समापन दिवस पर भी बड़ी संख्या में रक्तदाताओं के पहुंचने की संभावना है।

Leave a Comment

Read More