
किसानों की शिकायत पर होगी सख्त कार्रवाई, उपार्जन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: मंत्री गोविंद सिंह राजपूत
वेयरहाउस में माल जमा होते ही जारी करें स्वीकृति पत्रक, ताकि किसानों को मिले तत्काल भुगतान
सागर, 19 मई 2026।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मंगलवार को कलेक्टर सभागार में खाद्य विभाग, मंडी बोर्ड, कृषि विभाग एवं उपार्जन समितियों की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों से किसी भी अधिकारी की लापरवाही की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री श्री राजपूत ने स्पष्ट कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उपार्जन कार्य में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने परिवहन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए ट्रांसपोर्टरों और संबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी कि परिवहन में देरी या लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि जिन किसानों के स्लॉट पहले से बुक हैं और जिनकी तुलाई हो चुकी है, उनकी समयावधि बढ़ाई जाए ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
केसली साइलो बैग में खराब गेहूं पर जताई नाराजगी
मंत्री श्री राजपूत ने केसली के साइलो बैग में लगभग एक हजार क्विंटल गेहूं खराब होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बारदाना ठेकेदार की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि समिति स्तर तक बारदाना पहुंचाना ठेकेदार की जिम्मेदारी थी, लेकिन एक ही स्थान पर बारदाना रखने से अव्यवस्था उत्पन्न हुई।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेयरहाउस में किसानों का माल जमा होते ही तत्काल स्वीकृति पत्रक जारी किया जाए ताकि किसानों को जल्द भुगतान मिल सके। साथ ही वेयरहाउस मैनेजरों पर माल जमा नहीं करने की शिकायत मिलने पर भी कार्रवाई करने के निर्देश कलेक्टर को दिए गए।
उपार्जन केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य
मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि सभी उपार्जन केंद्रों पर कम से कम छह तौल कांटे उपलब्ध रहें और लगातार खरीदी कार्य जारी रखा जाए। उन्होंने किसानों के लिए पेयजल, छाया और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी उपार्जन केंद्रों पर बारदाने की उपलब्धता हर समय बनी रहनी चाहिए।
जिले के 173 उपार्जन केंद्रों पर जारी खरीदी
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि सागर जिले में कुल 173 उपार्जन केंद्रों पर समर्थन मूल्य पर खरीदी जारी है। अब तक 45,210 किसानों से 3,14,557 मीट्रिक टन उपज खरीदी जा चुकी है।
जिले में 77,337 किसानों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 55,935 किसानों ने स्लॉट बुकिंग कराई है।
395 करोड़ से अधिक का भुगतान
अधिकारियों ने बताया कि अब तक 2,41,159 मीट्रिक टन उपज का परिवहन किया जा चुका है तथा जिले में वर्तमान में 965 गठान बारदाना उपलब्ध है।
अब तक 27,197 किसानों को 395.2 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है।
उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले में 69,856 किसानों ने 1.25 लाख हेक्टेयर में चना-मसूर का पंजीयन कराया है। इनमें से 35,018 किसानों ने स्लॉट बुकिंग कर 28,300 किसानों द्वारा लगभग 70 हजार मीट्रिक टन चना-मसूर की बिक्री की गई है।
उन्होंने बताया कि जिले में 56 हजार एमटी परिवहन के लिए आरटीयू है, जिसमें से 42 हजार एमटी परिवहन कर 30 हजार एमटी स्वीकृत किया जा चुका है तथा किसानों को 161 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है।
मंत्री राजपूत ने निर्देश दिए कि आगामी सात दिनों में शत-प्रतिशत परिवहन कर किसानों को तत्काल भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के क्षेत्रीय प्रबंधक को निर्देशित किया गया कि किसी भी केंद्र पर भंडारण में देरी न हो और वेयरहाउस रिसिप्ट समय पर जारी की जाए।
बैठक में प्रतिभा पाल, अपर कलेक्टर अविनाश रावत, सिटी मजिस्ट्रेट गगन सिंह, डिप्टी कलेक्टर विजय डहेरिया, ज्योति बघेल, राजेश त्रिपाठी, राहुल बघेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











