शाहपुर दोहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, 3 और आरोपी गिरफ्तार

शाहपुर दोहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, 3 और आरोपी गिरफ्तार
सागर। थाना सानौधा अंतर्गत चौकी शाहपुर क्षेत्र में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड मामले में सागर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में 3 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही अब तक कुल 5 आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ चुके हैं, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, 9 मई 2026 को फरियादी सूरज अहिरवार निवासी शाहपुर ने थाना सानौधा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 मई की रात करीब 8:30 बजे शराब बेचने के संदेह में आरोपी नीलेश अहिरवार, भगवत पटैल, अंशुल यादव, छोटू उर्फ हर्ष सिंह लोधी और अभिषेक पटैल ने रास्ता रोककर गाली-गलौज की तथा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए लाठी और लोहे की रॉड से हमला किया।
हमले में नीरज प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल सूरज अहिरवार ने उपचार के दौरान 10 मई को दम तोड़ दिया था। मामले में थाना सानौधा में बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विशेष टीम गठित कर शुरू हुई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव उइके, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा और नगर पुलिस अधीक्षक ललित कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पुलिस टीमों ने सेमाढाना, परगासपुरा और जैसीनगर क्षेत्र में लगातार दबिश दी तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान 21 मई को सूचना मिली कि आरोपी सत्यपाल लोधी अपने दो साथियों के साथ भोपाल रोड स्थित जैसीनगर तिगड्डा के पास मौजूद है और प्रदेश से बाहर भागने की फिराक में है।
घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर तीनों आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने सतर्कता और सूझबूझ से उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी सत्यपाल लोधी ने स्वीकार किया कि वह मुख्य आरोपी छोटू उर्फ हर्ष लोधी के साथ शाहपुर शराब कंपनी में काम करता था और घटना में शामिल था। आरोपी ने घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए पुलिस को भ्रामक सूचना दी थी। उसने अपने साथियों पुष्पेंद्र लोधी और संदीप लोधी के साथ फरारी की योजना भी बनाई थी।
पुलिस ने आरोपी सत्यपाल लोधी के कब्जे से मुख्य आरोपी छोटू उर्फ हर्ष लोधी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसमें घटना से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।
पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस के अनुसार आरोपी सत्यपाल लोधी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस की वैज्ञानिक विवेचना, त्वरित कार्रवाई और साक्ष्य संकलन की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों द्वारा रची गई दुर्घटना की कथित झूठी कहानी का पर्दाफाश कर मामले का खुलासा किया।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक भरत सिंह ठाकुर, निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक सौरभ रैकवार, विनोद कुमार, नदीम शेख, दिनेश यादव, सुनील चौबे, अनुराग वैद्य, आरक्षक दीपांश कुमार पाठक, सतेन्द्र सिंह, हेमन्त सिंह एवं अजय की विशेष भूमिका रही।

Leave a Comment

Read More