टॉवर कांड में नया मोड़: वायरल पोस्ट ने खोले कई सवाल, भावनात्मक ड्रामा या दबाव की साजिश

टॉवर कांड में नया मोड़: वायरल पोस्ट ने खोले कई सवाल, “भावनात्मक ड्रामा या दबाव की साजिश?”
सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र में मोबाइल टॉवर पर पत्नी और मासूम बच्ची को लेकर चढ़ने वाले युवक बलराम अहिरवार का मामला अब केवल एक सनसनीखेज घटना नहीं रह गया, बल्कि इसके पीछे की कहानी को लेकर शहर में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों में वायरल हो रही एक पोस्ट ने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया है।
वायरल पोस्ट में दावा किया गया है कि बलराम अहिरवार क्षेत्र का “आदतन बदमाश” है और उसके खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पोस्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि टॉवर पर चढ़ने की घटना कोई भावनात्मक कदम नहीं थी, बल्कि पुलिस और प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए किया गया एक “सुनियोजित ड्रामा” था।
पोस्ट के अनुसार बलराम और उसके भाई पर क्षेत्र में झगड़े, अवैध गतिविधियों और विवादित मामलों में शामिल होने के आरोप पहले से लगते रहे हैं। सोशल मीडिया पर यह भी चर्चा है कि हाल ही में दर्ज हुए मामलों को खत्म कराने और सहानुभूति हासिल करने के लिए यह हाई-वोल्टेज कदम उठाया गया।
घटना के बाद वायरल हुए कुछ पुराने वीडियो और पोस्ट अब तेजी से शेयर किए जा रहे हैं, जिनमें कथित तौर पर मारपीट और विवाद की घटनाएं दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। इससे पूरे मामले ने राजनीतिक और सामाजिक रंग भी लेना शुरू कर दिया है।
हालांकि, इन वायरल दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक पुलिस प्रशासन द्वारा नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सोशल मीडिया पर फैल रही जानकारी की सत्यता भी परखी जाएगी।
इधर शहर में लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि आखिर टॉवर पर परिवार के साथ चढ़ने जैसी खतरनाक घटना के पीछे असली वजह क्या थी? क्या यह वास्तव में न्याय की गुहार थी या फिर कानून पर दबाव बनाने की कोशिश?

Leave a Comment

Read More