
मोतीनगर में हत्या से सनसनी, 12 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार
सागर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, फरार आरोपियों की तलाश जारी
सागर। थाना मोतीनगर क्षेत्र के विवेकानंद वार्ड स्थित मछरयाई इलाके में गोंड बब्बा चबूतरा के पास हुए हत्या एवं हत्या के प्रयास के सनसनीखेज मामले में सागर पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की धरपकड़ शुरू की।
पुलिस के अनुसार, 21 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे पुरानी रंजिश को लेकर फरियादी ओम साहू और उसके भाई मयंक साहू के साथ आरोपियों का विवाद हुआ। विवाद के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए अवैध हथियार से फायरिंग कर दी। गोली लगने से मयंक साहू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं ओम साहू पर भी चाकू से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मोतीनगर पुलिस सक्रिय हुई और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर लगातार दबिश दी गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से 6 आरोपियों में से 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
एक विधि विरुद्ध बालक (उम्र 16 वर्ष 11 माह), निवासी बाघराज वार्ड आवासीय कॉलोनी, थाना मोतीनगर
आर्यन आठिया (18 वर्ष 03 माह), निवासी तिली गांव, थाना गोपालगंज
एक महिला आरोपी (उम्र 60 वर्ष), निवासी गजानंद अखाड़े के सामने, विवेकानंद वार्ड, थाना मोतीनगर
प्रकरण में थाना मोतीनगर में अपराध क्रमांक 0/26 के तहत धारा 296(ए), 109(1), 103(1), 190, 191(1), 191(2) बीएनएस एवं 25/27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव उइके एवं लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के नेतृत्व में की गई।
थाना प्रभारी मोतीनगर निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत ने अपनी टीम के साथ पूरी रात लगातार कार्रवाई करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। सागर पुलिस ने आमजन को आश्वस्त किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।











