
अशोकनगर प्रवास के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से मिले विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, संगठनात्मक विषयों पर हुई चर्चा
सागर। विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने अशोकनगर प्रवास के दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से आत्मीय भेंट कर संगठनात्मक विषयों एवं पार्टी गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की।
उल्लेखनीय है कि विधायक श्री शैलेंद्र कुमार जैन वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी जिला अशोकनगर के संगठन प्रभारी के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। अशोकनगर में आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान में शामिल होने के लिए प्रदेश अध्यक्ष श्री खंडेलवाल एवं विधायक श्री जैन दोनों अशोकनगर पहुंचे थे।
इस दौरान विधायक श्री जैन ने प्रदेश अध्यक्ष को सागर एवं अशोकनगर जिले में संगठन द्वारा संचालित गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा कार्यकर्ताओं की सहभागिता से अवगत कराया। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। विधायक श्री जैन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत, प्रशिक्षण और समर्पण के आधार पर निरंतर मजबूत हो रहा है।
इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।











