
अवैध हथियार सहित आरोपी गिरफ्तार, मोतीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मोतीनगर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार 22 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि न्यू भोपाल बस स्टैंड के पीछे भगतसिंह वार्ड क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम और स्थानीय गवाहों की मदद से उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहन उर्फ बबलू साहू पिता बृजलाल साहू उम्र 59 वर्ष निवासी राजीवनगर वार्ड थाना मोतीनगर सागर बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से कमर में खोंसी हुई एक देशी मैगजीन युक्त पिस्टल और पेंट की जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। जब पुलिस ने हथियार का लाइसेंस मांगा तो आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने मौके पर ही हथियार और कारतूस जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 15,100 रुपये बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के नेतृत्व में संपन्न हुई।











