बम्होरी तिराहा ब्रिज निर्माण में तेजी लाने मैदान में उतरे विधायक प्रदीप लारिया

बम्होरी तिराहा ब्रिज निर्माण में तेजी लाने मैदान में उतरे विधायक प्रदीप लारिया
(एक सप्ताह में समाधान और डे-टू-डे वर्क प्लान प्रस्तुत करने के निर्देश)

सागर/26.05.2026:नरयावली विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देने हेतु नरयावली विधायक इंजी.प्रदीप लारिया मंगलवार को बम्होरी तिराहा पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माणाधीन ब्रिज का एसडीएम अमन मिश्रा, एनएचएआई परियोजना निदेशक सुरेश कुमार, राजस्व विभाग एवं एनएचएआई अधिकारियों के साथ विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विधायक लारिया ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंडरब्रिज प्रारंभ न हो पाने के कारण सागर-रहली मार्ग पर आवागमन गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है, जिससे लगभग 25 से 50 ग्रामों के हजारों नागरिकों को आठ से दस किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। यह स्थिति क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत कठिनाईपूर्ण है और इसे लंबे समय तक स्वीकार नहीं किया जा सकता।

विधायक  लारिया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एक सप्ताह के भीतर समस्या के समाधान हेतु ठोस कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा डे-टू-डे वर्क प्लान प्रस्तुत किया जाए, जिससे निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके और जनता को शीघ्र राहत मिल सके।

निरीक्षण के दौरान विधायक  लारिया ने उन परिवारों की समस्याओं पर भी गंभीरता से चर्चा की, जिनके मकान मार्ग निर्माण की जद में आ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित लोगों को नियमानुसार उचित मुआवजा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विधायक एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर स्वेच्छा से मकान हटाने की समझाइश दी, जिस पर संबंधित लोगों ने दो से तीन दिन का समय मांगा।

विधायक  लारिया ने एनएचएआई अधिकारियों को भविष्य की परियोजनाओं के लिए भी महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि सड़क एवं पुल निर्माण के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि कहीं भी “ब्लैक स्पॉट” की स्थिति निर्मित न हो, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

क्षेत्रवासियों ने विधायक  लारिया की सक्रियता, संवेदनशीलता और जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि उनके प्रयासों से लंबे समय से चली आ रही यह समस्या शीघ्र दूर होगी और क्षेत्र को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की बड़ी सौगात मिलेगी।

इस अवसर पर राजेश राजपूत, रत्नेश राजपूत, मृगेंद्र सिंह, आफीसर यादव, अनिल चौधरी सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Comment

Read More