
सागर में जनसंपर्क कार्यालय में वर्षों से अनुचित रूप से अटैच शिक्षक को हटाने की माँग जोर पकड़ी, ज्ञापन हुआ
सागर। मध्यप्रदेश प्रेस क्लब सागर इकाई के अनेक पत्रकारों ने बुधवार को कलेक्टर सागर को ज्ञापन सौंपकर संभागीय जनसंपर्क कार्यालय में नियम विरुद्ध तरीके से वर्षों से अटैच एक शासकीय शिक्षक को तत्काल मूल पदस्थापना पर भेजने एवं उनके कार्यकाल की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि शासकीय माध्यमिक शिक्षक मनोज नेमा मूल रूप से ग्राम मेनपानी में पदस्थ हैं, लेकिन पिछले करीब 10 वर्षों से संभागीय जनसंपर्क कार्यालय सागर में अटैच होकर कार्य कर रहे हैं। प्रेस क्लब का आरोप है कि शासन के स्पष्ट नियमों के बावजूद उन्हें लंबे समय तक अन्य विभाग में बनाए रखा गया, जो नियमों के विपरीत है। साथ ही क्लब के सदस्यों ने प्रमाणित पत्र भी कलेक्टर प्रातिभा पाल को सौपे है। जिसपर कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेने की बात पत्रकारों से की हैं।

वहीं प्रेस क्लब ने मांग की है कि यह जांच कराई जाए कि किन अधिकारियों के आदेश पर शिक्षक को इतने लंबे समय तक जनसंपर्क विभाग में अटैच रखा गया। साथ ही विभागीय कार्यप्रणाली पर प्रभाव स्थापित करने, पत्रकारों के साथ कथित भेदभावपूर्ण व्यवहार और कुछ विशेष लोगों को लाभ पहुंचाने जैसे आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की जाए।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि उनके कार्यकाल के दौरान हुए वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों, विज्ञापन वितरण और भुगतानों की विशेष जांच समिति गठित कर विस्तृत जांच कराई जाए, जिससे संभावित अनियमितताओं का खुलासा हो सके।
मध्यप्रदेश प्रेस क्लब की साग़र इकाई ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में पारदर्शी और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो पत्रकार साथी बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, स्कूल शिक्षा विभाग भोपाल, जनसंपर्क आयुक्त मप्र को रजिस्टर्ड डाक से प्रेषित की गई हैं।











