
सिदगुवां फर्नीचर क्लस्टर बनेगा बुंदेलखंड का औद्योगिक ग्रोथ सेंटर — विधायक प्रदीप लारिया
(औद्योगिक विकास निगम एवं प्रशासनिक अधिकारियों संग उच्च स्तरीय समीक्षा, रोजगार व निवेश बढ़ाने पर जोर)
बुधवार को नरयावली विधानसभा क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने औद्योगिक क्षेत्र सिदगुवां पहुंचकर प्रस्तावित फर्नीचर क्लस्टर का विस्तृत निरीक्षण किया तथा औद्योगिक विकास निगम, राजस्व विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की।
बैठक में एसडीएम अमन मिश्रा, इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के प्रमोद उपाध्याय, सहायक यंत्री जितेंद्र अहिरवार, कनिष्ठ यंत्री वैभव उपाध्याय, एमपीईबी, जल निगम, जिला उद्योग केंद्र, राजस्व विभाग के आरआई एवं पटवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
विधायक श्री लारिया ने फर्नीचर क्लस्टर परियोजना को क्षेत्र के औद्योगिक विकास की आधारशिला बताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क, बिजली, पानी, ड्रेनेज एवं आंतरिक अधोसंरचना सहित सभी मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर विकसित की जाएं। उन्होंने कहा कि सिदगुवां फर्नीचर क्लस्टर भविष्य में बुंदेलखंड का प्रमुख वुड एवं फर्नीचर इंडस्ट्री हब बन सकता है, जिससे स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
बैठक के दौरान विधायक श्री लारिया ने एसडीएम अमन मिश्रा को निर्देशित किया कि क्षेत्र में संचालित आरा मशीन एवं फर्नीचर व्यवसाय से जुड़े उद्यमियों को फर्नीचर क्लस्टर क्षेत्र में शिफ्ट होने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि उद्योगों को एक संगठित एवं आधुनिक औद्योगिक वातावरण उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि सभी इकाइयों के एक स्थान पर विकसित होने से व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी, परिवहन लागत कम होगी तथा छोटे उद्यमियों को भी बड़े बाजार से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।
समीक्षा बैठक में वर्तमान एवं बंद औद्योगिक इकाइयों की स्थिति, निवेश विस्तार, मसवासी ग्रंट क्षेत्र के औद्योगिक प्रोत्साहन पैकेज, जल उपलब्धता, तालाब निर्माण एवं दिल्ली-नागपुर कॉरिडोर से संबंधित भूमि अधिग्रहण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। ग्राम कुड़ई, बेलखादर, गढ़ौली कला, कुड़ारी एवं बहेरिया साहनी की आबादी एवं सार्वजनिक उपयोग की भूमि को सुरक्षित रखते हुए कार्यवाही करने पर विशेष जोर दिया गया।
विधायक श्री लारिया ने कहा कि औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन एवं क्षेत्रीय आर्थिक प्रगति के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा तथा उद्योग स्थापना में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक बाधा नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से परियोजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।
एसडीएम अमन मिश्रा ने आश्वस्त किया कि शासन की प्राथमिकता वाले इन महत्वपूर्ण प्रकल्पों में सभी विभागों के समन्वय से समय-सीमा में आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कराई जाएगी। बैठक के अंत में विधायक श्री लारिया ने सिदगुवां क्षेत्र को प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए सभी विभागों से गति एवं गंभीरता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।











