पुस्तैनी जमीन घोटाले में कार्रवाई: एक आरोपी गिरफ्तार, तीन अब भी फरार

पुस्तैनी जमीन घोटाले में कार्रवाई: एक आरोपी गिरफ्तार, तीन अब भी फरार
सागर में पुस्तैनी जमीन के फर्जी बैनामे और धोखाधड़ी के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी अशोक पटेल को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया, जबकि मामले के तीन अन्य आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक फरियादी अशोक कुमार पटेल निवासी मातामड़िया वार्ड, मोतीनगर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी करीब 22 एकड़ 502 डिसमिल पुस्तैनी जमीन के बंटवारे का मामला वर्ष 2013-14 से तहसीलदार न्यायालय में लंबित है। इसके बावजूद जमीन का वैधानिक बंटवारा हुए बिना ही कुछ हिस्सेदारों ने अलग-अलग लोगों को जमीन बेच दी।
जांच में सामने आया कि कस्तूरीबाई और लच्छोबाई के वारिसों द्वारा कथित रूप से दस्तावेजों में कूटरचना कर जमीन के बैनामे किए गए। खरीदार पक्ष के गवाहों ने भी पुलिस को बताया कि रजिस्ट्री होने के बावजूद उन्हें जमीन का कब्जा नहीं मिला।
राजस्व न्यायालय के आदेश, विक्रय पत्र और अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े के साक्ष्य पाए। इसके आधार पर कोतवाली थाना में बीएनएस की धारा 318(4), 338, 336(3) और 340(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी अशोक पटेल पिता पूरनलाल पटेल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मनीष पटेल, शिवप्रसाद पटेल और अरुण पटेल की तलाश जारी है।

Leave a Comment

Read More