
महाराणा प्रताप की मूर्ति स्थापना को लेकर तेज हुई कवायद
महाराणा प्रताप बोर्ड आयोग के अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया ने किया प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण
सागर,दिनांक 28 मई 2026। महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड आयोग के अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया गुरुवार को सागर पहुंचे, जहां उन्होंने क्षत्रिय समाज के प्रतिनिधियों एवं समाजजनों के साथ शहर में महाराणा प्रताप की प्रस्तावित मूर्ति स्थापना स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान क्षत्रिय समाज के अध्यक्ष नीरज सिंह नया खेड़ा सहित सैकड़ों समाजजन मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान प्रतिनिधिमंडल स्टेडियम के सामने प्रस्तावित स्थल पर पहुंचा, जहां अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया ने नगर निगम आयुक्त से दूरभाष पर चर्चा करते हुए निर्देशित किया कि राष्ट्र गौरव, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा जल्द स्थापित की जाए, ताकि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा उसका लोकार्पण एवं अनावरण किया जा सके।
इस अवसर पर केशव सिंह भदौरिया ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल क्षत्रिय समाज ही नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव हैं। उनका शौर्य, त्याग और मातृभूमि के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि सागर शहर में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित होने से युवाओं को इतिहास से जुड़ने और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा मिलेगी।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व सागर से क्षत्रिय समाज का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत तथा जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत की उपस्थिति में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भोपाल में मिला था। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से सागर में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना की मांग रखी थी, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया था।
इसी क्रम में अब महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड आयोग के अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया द्वारा सागर पहुंचकर स्थल निरीक्षण किए जाने को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिलेभर से आए क्षत्रिय समाज के लोगों के साथ समाज के उत्थान, युवाओं की भागीदारी तथा आगामी सामाजिक कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। समाजजनों ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश सरकार के सहयोग से जल्द ही सागर में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापित होगी, जो शहर की पहचान बनने के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति एवं स्वाभिमान का प्रतीक बनेगी।
नीरज सिंह जिला अध्यक्ष क्षत्रिय समाज, रामबाबू सिंह जनपद अध्यक्ष, नर्वदा सिंह खोना वाले, पूर्व जिला सदस्य संदीप सिंह भापेल, युवा क्षत्रिय जिला अध्यक्ष, अवध बिहारी लम्बरदार बेरखेड़ी, सरमन सिंह उमरारी, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि एड. अनिल सिंह पड़रई, साहब सिंह सेमरा, अमर सिंह डावरी, धीरज सिंह अमझिरा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष, मूरत सिंह, बुंदेल सिंह मंडल अध्यक्ष, श्रीमति रितु जितेंद्र सिंह परिहार, अरविंद सिंह टिंकू राजा जनपद उपाध्यक्ष, हिमेश सिंह गौर टीला सरपंच, अंशुल परिहार, रवि ठाकुर, चंद्रभान सिंह, सुरेन्द्र सिंह मुआर, रामजी महुआखेड़ा, सुधीर भाई केसली, संजय सिंह सेमराघोना, कुंवर सिंह ठाकुर, बृजेंद्र सत्ताढाना, सत्येन्द्र सिंह सुरखी सहित डाॅ.सुखदेव मिश्रा, डाॅ.वीरेंद्र पाठक, देवेंद्र फुसकेले शामिल रहे।











