
सोशल मीडिया पर छाया बाबा बागेश्वर का बयान: नेताओं की सैलरी बंद करने और चार्टर्ड प्लेन पर रोक की मांग
उत्तराखंड के बद्रीनाथ में 21 दिनों की कठिन पहाड़ी साधना के बाद, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर अपने बेबाक बयानों को लेकर चर्चा में हैं। सतनाम कथा के मंच से देश के ज्वलंत मुद्दों पर बोलते हुए उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने ईंधन संरक्षण और देश की आर्थिक स्थिति को लेकर सीधे राजनेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब भी पेट्रोल-डीजल की बचत या संसाधनों के संरक्षण की बात होती है, तो सिर्फ आम जनता से ही त्याग की अपील की जाती है। बाबा बागेश्वर ने प्रधानमंत्री Narendra Modi के आह्वान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने खुद एक महीने साधना में रहकर ईंधन बचाया है, लेकिन अब नेताओं के चार्टर्ड विमानों पर भी रोक लगनी चाहिए, क्योंकि सबसे ज्यादा ईंधन की खपत वहीं होती है।
उन्होंने कहा,
“देश की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए कम से कम तीन महीने के लिए नेताओं की सैलरी बंद या कम कर दी जानी चाहिए, ताकि जनता में समानता का संदेश जाए।”
डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरती कीमत पर चिंता जताते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत ऐसा विकास करे कि एक दिन 1 डॉलर की कीमत 30 रुपये के बराबर हो जाए। इस दौरान उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump पर भी चुटकी ली।
विपक्ष पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर एक नई “कॉकरोच पार्टी” उभर रही है, जिसका चर्चा में आना केवल बेरोजगारी को दर्शाता है। उन्होंने सरकारों से इन मुद्दों पर गंभीरता से काम करने की अपील भी की।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस बयान को लेकर समर्थकों और विरोधियों के बीच बहस तेज हो गई है। कुछ लोग इसे देशहित में दिया गया साहसिक बयान बता रहे हैं, तो कुछ इसे राजनीतिक टिप्पणी मान रहे हैं।











