
24 घंटे में सुलझा अंधा कत्ल: आगासौद पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
सागर, 30 मई 2026। सागर जिले की आगासौद पुलिस ने हत्या के एक गंभीर और चुनौतीपूर्ण मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इसे अपनी त्वरित और प्रभावी कार्रवाई का परिणाम बताया है।
पुलिस के अनुसार 28 मई को सूचना मिली थी कि ग्राम देहरी के एक बगीचे में एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। घायल की पहचान कल्लू चढ़ार निवासी देहरी के रूप में हुई, जिसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल बीना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शुरुआत में मामला सामान्य मृत्यु जैसा प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस ने जब शव का बारीकी से निरीक्षण किया तो शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले। इसके बाद हत्या की आशंका के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया।
घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, गवाहों के बयान और अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि ग्राम देहरी निवासी कल्लू उर्फ विश्वनाथ ठाकुर और मनीष ठाकुर ने मृतक के साथ पहले मारपीट की थी और बाद में उसका गला दबाकर हत्या कर दी थी।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की। मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 30 मई को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य बताए हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में मिली सफलता
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना डॉ. संजीव उईके तथा एसडीओपी बीना अजय कुमार सनकत के मार्गदर्शन में की गई।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक नितिन पाल, प्रधान आरक्षक संतोष रैकवार, प्रधान आरक्षक सतीश रावत, आरक्षक लोकेन्द्र यादव, आरक्षक रनवीर सिंह, आरक्षक सतीश शर्मा, आरक्षक रामकृष्ण योगी, आरक्षक दीपक इनवाती और प्रधान आरक्षक चालक संतोष तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि अपराध और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।











