विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने चित्रकला कार्यशाला पहुंचकर बच्चों का बढ़ाया उत्साह, कहा— कला व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम

विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने चित्रकला कार्यशाला पहुंचकर बच्चों का बढ़ाया उत्साह, कहा— कला व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम

सागर। विधायक  शैलेंद्र कुमार जैन द्वारा आयोजित तथा रंग के साथी ग्रुप के सहयोग से 26 मई से 10 जून तक 15 दिवसीय नि:शुल्क चित्रकला कार्यशाला का आयोजन संदीपनी विद्यालय (एमएलबी स्कूल क्रमांक-1) में किया जा रहा है। कार्यशाला के अंतर्गत आज विधायक  शैलेंद्र कुमार जैन ने प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं से मुलाकात की, उनके द्वारा बनाई गई चित्रकृतियों का अवलोकन किया तथा बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर विधायक  जैन ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि चित्रकला केवल रंगों और रेखाओं का खेल नहीं है, बल्कि यह बच्चों की कल्पनाशक्ति, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को विकसित करने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, आवश्यकता केवल उसे उचित अवसर और मार्गदर्शन देने की होती है। ऐसे आयोजन बच्चों की छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाने का कार्य करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर सीखने, निरंतर अभ्यास करने और अपनी कला को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

रंग के साथी ग्रुप के डायरेक्टर  असरार अहमद ने बताया कि विधायक  शैलेंद्र कुमार जैन की प्रेरणा से इस वर्ष पहली बार इस नि:शुल्क चित्रकला कार्यशाला का आयोजन किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य उन बच्चों को अवसर प्रदान करना है जो महंगे समर कैंप या ड्राइंग क्लास में जाकर प्रशिक्षण प्राप्त नहीं कर सकते। कार्यशाला में बच्चों को चित्रकला की बुनियादी जानकारी, पेंसिल चलाने की तकनीक, रंगों का उपयोग, स्केचिंग तथा सुंदर चित्र निर्माण का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कार्यशाला पूरी तरह नि:शुल्क है। सभी प्रतिभागी बच्चों को विधायक  जैन के माध्यम से ड्राइंग कॉपी, पेंसिल, रबर एवं पेंसिल कलर भी नि:शुल्क उपलब्ध कराए गए हैं। 15 दिवसीय प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत सभी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।

6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए आयोजित इस कार्यशाला का समय प्रतिदिन सुबह 9 बजे से 11 बजे तक निर्धारित किया गया है। बच्चों और अभिभावकों की अभूतपूर्व रुचि को देखते हुए इस वर्ष लगभग 250 पंजीयन प्राप्त होने के बाद प्रवेश बंद कर दिए गए हैं। आयोजकों ने बताया कि अगले वर्ष और अधिक क्षमता तथा व्यापक स्वरूप के साथ इस कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।

विधायक  जैन ने कहा कि समाज के प्रत्येक बच्चे को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलना चाहिए और इसी उद्देश्य से ऐसे रचनात्मक एवं शिक्षाप्रद कार्यक्रमों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने रंग के साथी ग्रुप के डायरेक्टर एवं उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने एक अच्छे आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Leave a Comment

Read More