लालच में बेटे ने ही की लाखों की चोरी, देवरी पुलिस ने 7.57 लाख का माल बरामद कर किया खुलासा

लालच में बेटे ने ही की लाखों की चोरी, देवरी पुलिस ने 7.57 लाख का माल बरामद कर किया खुलासा
सबहेड:
परिजनों के भरोसे का उठाया फायदा, सोने-चांदी के जेवर और ₹1 लाख नकद चोरी कर छिपाया था; पुलिस की वैज्ञानिक जांच में खुली पोल
देवरी। सागर जिले की देवरी पुलिस ने चोरी के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ₹7.57 लाख मूल्य का चोरी गया माल बरामद किया है। हैरानी की बात यह रही कि चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि परिवार के ही सदस्य ने अंजाम दी थी।
पुलिस के अनुसार बाजार वार्ड निवासी एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 मई 2026 को वह अपने पति के इलाज के लिए सागर गई थीं। घर में ताला लगाकर उसकी चाबी बाथरूम में रखे ब्रश के डिब्बे में रखी गई थी, जिसकी जानकारी परिवार के लोगों को थी। अगले दिन लौटने पर घर के ताले गायब मिले और अंदर रखा सोने-चांदी का सामान तथा ₹1 लाख नकद चोरी पाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना देवरी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, परिस्थितिजन्य तथ्यों और गहन पूछताछ के आधार पर पुलिस का संदेह शुभम रैकवार पर गया। पूछताछ के दौरान आरोपी बार-बार बयान बदलता रहा, लेकिन पुलिस की सख्त और वैज्ञानिक विवेचना के आगे उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
जांच में सामने आया कि शुभम रैकवार को घर में रखे जेवर और नगदी की पूरी जानकारी थी। उसने परिवार के विश्वास का फायदा उठाकर चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया, जिसमें सोने का हार, पांचाली, चार चूड़ियां, दो जोड़ी झुमकी, तीन अंगूठियां, चांदी की करधनी, कई जोड़ी पायल और बिछड़ियां सहित ₹1 लाख नकद शामिल हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत ₹7,57,500 आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी शुभम रैकवार (27) निवासी बाजार वार्ड, देवरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा एवं एसडीओपी रहली प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हरिराम मानकर और उनकी टीम ने इस मामले का सफल खुलासा किया। पुलिस की इस कार्रवाई ने यह साबित कर दिया कि अपराधी चाहे कितना भी करीबी क्यों न हो, कानून की गिरफ्त से बच नहीं सकता।

Leave a Comment

Read More