
हत्या के प्रयास और दहशत फैलाने के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, कैंट पुलिस को बड़ी सफलता
सागर। हत्या के प्रयास और क्षेत्र में दहशत फैलाने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर कैंट थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार फरियादी अभिषेक जाटव निवासी गुलाबगढ़ सिंह वार्ड, थाना कैंट ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी राजा अहिरवार, अमित अहिरवार, अंजू अहिरवार एवं अर्जुन ठाकुर ने फरियादी और उसके साथियों पर हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाई थीं। मामले में थाना कैंट में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा तथा नगर पुलिस अधीक्षक ललित कुमार के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी अर्जुन ठाकुर (33 वर्ष) निवासी महिया विहिल नगर, थाना कैंट क्षेत्र में मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य आरोपियों की तलाश और प्रकरण की विवेचना जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कैंट रोहित डांगे सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की सख्ती जारी
सागर पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।











