पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने खुरई में 20 करोड़ लागत से हनौता पर्यटन क्षेत्र के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया

पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने खुरई में 20 करोड़ लागत से हनौता पर्यटन क्षेत्र के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया

कृषि उपज मंडी में 1.51 लागत के सीसी रोड का भी भूमिपूजन संपन्न, खुरई विधानसभा क्षेत्र के छह भाजपा मंडलों की संयुक्त बैठक को संबोधित किया

खुरई। पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने खुरई के निकट हनौता बांध स्थित निर्माणाधीन पर्यटन स्थल पर 20 करोड़ की लागत से विभिन्न पर्यटन संबंधी आधुनिक जनसुविधाओं के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। कृषि उपज मंडी प्रांगण में उन्होंने 1.51 करोड़ की लागत से सीसी रोड का भूमिपूजन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हनौता पर्यटन स्थल खुरई के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। यह हमारे ग्रीन खुरई, क्लीन खुरई के संकल्प को पूरा करते हुए रोजगार और सुविधाओं से समृद्ध खुरई बनाने की ओर बढ़ता हुआ एक और कदम है।

पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि हनौता पर्यटन स्थल पर 12 अतिथि कक्ष, रेस्टोरेंट, गेमजोन, कैफैटेरिया, टायलेट ब्लाक, ओपन एमपी थियेटर, पार्क, स्वीमिंगपूल, जागिंग ट्रैक, बाउंड्री वॉल जैसी सुविधाओं का निर्माण आरंभ हो गया है। आगे यहां वाटर स्पोर्ट्स जैसी अनेक सुविधाओं का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि हम सभी जानते हैं कि पहले खुरई में एक भी स्थान ऐसा नहीं था जहां हम अपने बच्चों को, बाहर से आए अतिथियों को दिखाने ले जा सकें। किला प्रांगण और 24 पार्कों के निर्माण के बाद हनौता पर्यटन स्थल ऐसा बनेगा कि न केवल खुरई बल्कि पूरे जिले के लोग इस पर्यटन स्थल पर समय बिताने आएंगे। इतनी बड़ी वाटर बॉडी, इतना बड़ा बांध जहां होता है उसी के आसपास सबसे ज्यादा टूरिज्म डेवलपमेंट होता है। उन्होंने कहा कि दो-तीन साल पहले हमने आदेश करवाया और यहां की भूमि में से 27 एकड़ जगह कलेक्टर के आदेश से पर्यटन के लिए खुरई नगर पालिका को आवंटित कराई थी। फिर यहां एक वृक्षारोपण का कार्यक्रम रखा था जिसम स्कूलों के बच्चे शहर के और आसपास के गांव की जनता ने यहां लगभग 5000 पेड़ लगाए थे जिनमें से बहुत से बिना बाउंड्री वाल के भी सुरक्षित रहते हुए वृक्ष बनने की ओर हैं। अब यहां 20 करोड़ की राशि से विकास के कार्य शुरू होंगे। अभी तो यह शुरुआत है हम इसको पर्यटन स्थल को ऐसा बना देंगे की पूरे मध्य प्रदेश के लोग यहां पर पर्यटन की दृष्टि से आएं। उन्होंने कहा कि यहां बाउंड्री का काम होना है हम लोग फिर से एक बड़ा कार्यक्रम करेंगे और उसमें जितने वृक्ष लगा सकते हैं सुरक्षित हो जाएंगे तो हम लोग उसमें फिर बड़े स्तर पर यहां वृक्ष लगाएंगे।

उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा रोजगार होटल इंडस्ट्री और पर्यटन में ही मिलता है। रोजगार और इकोनॉमी की दृष्टि से पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था में पर्यटन से 40 प्रतिशत रेवेन्यू आता है। पूर्व गृहमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि हनौता पर्टन स्थल पर जितने भी रोजगार सृजित होंगे उनमें बांध के डूब प्रभावित परिवारों को रोजगार देने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बारिश आरंभ होने के बाद जुलाई माह में हम सभी यहां फिर एकत्रित होंगे और खुरई विधानसभा क्षेत्र में एक दिन में एक लाख पेड़ लगाने का रिकार्ड कायम करेंगे। उन्होंने बताया कि गत वर्ष भी खुरई विधानसभा क्षेत्र में हम सभी ने मिलकर एक दिन में 63000 वृक्ष लगा कर रिकार्ड बनाया था। क्षेत्र के सभी नगरीय व पंचायत निकायों के जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से कहा कि वे इस वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के लिए अभी से उपयुक्त स्थलों पर गड्ढे तैयार कराने का कार्य आरंभ कर दें।

पूर्व गृहमंत्री खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि विकास और स्वच्छता में खुरई नगरपालिका क्षेत्र प्रदेश में नंबर वन पर है। यह आंकड़ों से भी सिद्ध होता है। विकास से क्षेत्र में व्यवसाय बढ़ता है, लोगों को रोजगार मिलते हैं। जितना विकास पिछले 50 साल में नहीं हुआ उतना हमने खुरई में 10 साल के अंदर करके खुरई को सबसे ज्यादा बजट वाली विकसित नगर पालिका बना दिया है। उन्होंने बताया कि नगरीय विकास मंत्री रहते हुए एशियन डेवलपमेंट बैंक से खुरई नपा को 350 करोड़ का विकास प्रोजेक्ट स्वीकृत किया था जिससे खुरई नगर का भविष्य के विजन के साथ अधोसंरचना विकास किया गया जिसमें सीवर ट्रीटमेंट प्रोजेक्ट भी शामिल है। उन्होंने बताया कि आगे चलकर हनोता पर्यटन स्थल को चैड़ा आऊटर बायपास रोड बना कर भीतर की सड़कों पर यातायात का दवाब कम हो सके।

मंडी प्रांगण में 1.51 करोड़ से सीसी रोड का भूमिपूजन, 6 करोड़ लागत के सार्टेक्स प्लांट अगले माह से आरंभ होगा,वाटर चिलर टैंकर का लोकार्पण

पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में 1.51 करोड़ की लागत से बन रहे उपयोगी सीसी रोड का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने मंडी प्रांगण में किसानों, हम्मालों की सुविधा हेतु वाटर चिलर टैंकर का लोकार्पण किया। उन्होंने उपस्थित किसानों, व्यापारियों, हम्माल संघ व तुलावटियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सीसी रोड आवागमन के अलावा अनाज के रखरखाव, विपणन के लिए भी उपयोगी और सुविधा जनक होगा। उन्होंने कहा कि जिस खास शेड में यह कार्यक्रम हो रहा है वह कलर सार्टेक्स प्लांट के लिए निर्मित है। खुरई के प्रसिद्ध गेंहू को एक ही कलर व साइज में विभाजित करने वाले 6 करोड़ की लागत वाले कलर सार्टेक्स प्लांट को उन्होंने तत्कालीन कृषि मंत्री श्री गौरी शंकर बिसेन से विशेष आग्रह करके खुरई कृषि उपज मंडी के लिए स्वीकृत कराया था। इससे खुरई के गेंहू की गुणवत्ता और ग्रेडिंग बढ़ा कर बड़े शापिंग मालों में विक्रय योग्य बनाया जा सकेगा जहां उसके अच्छे रेट मिल सकेंगे। इस दौरान मंडी बोर्ड के डीएस रोहिणी प्रसाद चक्रवर्ती द्वारा बताया गया कि यह सार्टैक्स प्लांट एक महीने बाद आरंभ हो जाएगा। पूर्व मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि जल्दी ही बीना बांध परियोजना से सिंचाई व पेयजल की भरपूर उपलब्धता सुनिश्चित होगी। तब हमारे क्षेत्र का किसान तीन फसलें ले सकेगा और उसकी आय में पांच गुना वृद्धि संभव हो सकेगी। उन्होंने कहा कि रेलवे का गुड्स ट्रेक खुरई में स्थापित कराने हेतु वे प्रयास कर रहे हैं। ज्यादा उत्पादन से खुरई की कृषि उपज मंडी जिले की सबसे बड़ी ए क्लास मंडी बन जाएगी और तब अन्य जिलों की उपज यहां विक्रय के लिए आने लगेगी। फसल बेचने आने किसान अपनी जरूरत का सामान भी उसी मंडी के आसपास से खरीदते हैं इसलिए खुरई की पूरी अर्थव्यवस्था पर इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में खुरई के कृषि यंत्र निर्माण इंडस्ट्री की संख्या 8 से बढ़कर 75 हो गई है, इसके लिए बिजली की 24 घंटे उपलब्धता सहित अनेक सुविधाएं देने की पहल उनकी ओर से की गई।

उन्होंने कहा कि बीना रिफाइनरी में बन रहे 50 हजार करोड़ की लागत के पेट्रोकेमिकल प्लांट से सबसे अधिक फायदा खुरई विधानसभा क्षेत्र को होने वाला है क्योंकि खुरई विधानसभा क्षेत्र में औद्योगिक विकास के लिए 32000 हेक्टेयर सरकारी भूमि का जिले का सबसे बड़ा लैंड बैंक, बीना नदी परियोजना से जल उपलब्धता, बेहतर रोड कनेक्टिविटी, पर्याप्त विद्युत आपूर्ति जैसी सभी आवश्यकताएं सिर्फ खुरई विधानसभा क्षेत्र पूरी करता है। उन्होंने बताया कि करमपुर में विकसित किए गए औद्योगिक क्षेत्र में 300 करोड़ की लागत से एक फैक्ट्री की स्थापना होने वाली है। मंडी व्यापारी संघ के अध्यक्ष जयेश मोदी की मांग पर पूर्व मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि आप लोगों की आवश्यकतानुसार शेड निर्माण का कार्य शीघ्र ही स्वीकृत करा लिया जाएगा। इस अवसर पर कृषि उपज मंडी खुरई से जुड़े सभी संगठनों ने जरूरत मंदों के लिए उपयोगी विभिन्न वस्तुएं भेंट कर पूर्व मंत्री विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह का स्वागत किया गया।

हनौता गौशाला का निरीक्षण व गौपूजन किया

पूर्व गृहमंत्री खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने हनौता में एक हजार गौवंश की क्षमता वाली खुरई नगरपालिका की गौशाला पहुंच कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और गौपूजन कर गायों को गुड़ खिलाया। उन्होंने इस अवसर पर गौशाला में निवासरत गायों के लिए अनुदान बढ़ा कर 40 रुपए प्रति गौवंश करने तथा गौशाला संचालन के लिए समितियां गठित करने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया।

खुरई विधानसभा क्षेत्र के छह भाजपा मंडलों की संयुक्त बैठक को पूर्व मंत्री, विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने संबोधित किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी  के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर 12 साल विश्वास के, विकास के जनकल्याण केष् कार्यक्रम के तहत खुरई विधानसभा क्षेत्र के छहों मंडलों की बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के 12 वर्ष के कार्यकाल में हमारी सरकार की उपलब्धियां हम सबके लिए गौरव करने का विषय हैं। पार्टी के घोषणा में हम लोगों ने जनता से वादा किया था कि अयोध्या में भगवान श्री राम का भव्य मंदिर बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सरकार के ठीक प्रयासों के परिणाम स्वरूप आज हम सब गर्व और गौरव से कह सकते हैं कि इस देश में जो 500 वर्ष में नहीं हुआ वह भगवान श्री राम का मंदिर बना कर भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने कर दिखाया। 12 वर्षों की हमारी सरकार ने पारदर्शी शासन, सुशासन देने का काम किया। आज लगभग सारे सरकारी काम और बैंक के माध्यम से जितने भी हितग्राही मूलक योजनाएं हैं उनका पैसा सीधा हितग्राही के खाते में आता है। इससे भ्रष्टाचार पर काफी हद तक रोक लगी और हमारा सुशासन और पारदर्शी सरकार का संकल्प काफी हद तक सफल हुआ है भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में 40 वर्षों से हम लोग एक नारा लगाते थे कि ष्जहां हुए बलिदान मुखर्जी वह कश्मीर हमारा है। आज गौरव से कह सकते हैं कि कश्मीर में कांग्रेस की सरकार ने जो विशेष दर्जा जम्मू कश्मीर को दिया था अनुच्छेद 370 और 33 ए के तहत उस विशेष दर्जे को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की सरकार ने समाप्त करके जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के संकल्प को पूरा किया है। अब कश्मीर का अलग संविधान, अलग झंडा नहीं है। जो कश्मीर आतंकवादियों की फैक्ट्री बन गया था, पाकिस्तान से आकर सीधे आतंकवादी घटनाएं करते थे हमारी सरकार ने कश्मीर को शांति का टापू बना दिया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी की सरकार ने हमारी बहनों को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का संकल्प पूरा किया है। इसके लिए संविधान संशोधन लोकसभा में लेकर आए विपक्ष ने उसका विरोध किया। जब प्रधानमंत्री के पद पर नरेंद्र मोदी जैसा दृढ़ इच्छाशक्ति वाला नेतृत्व हो तो कोई भी चीज असंभव नहीं है हम सबको देखने मिलेगा कि जल्दी भारत की संसद से एक कानून बनेगा के लोकसभा और विधानसभा दोनों जगह हमारी बहनों को 33 प्रतिशत आरक्षण देने में हम सफल होंगे। हमने अंग्रेजों के समय के अनेक ऐसे कानूनों को बदलने का काम किया जिनका दुरुपयोग होता था। हमारे देश के अंदर नक्सलवाद एक बड़ी समस्या थी हम सब जानते हैं कि छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश का मंडला बालाघाट जहां पर नक्सली घटनाएं होती थीं। आज हमारी सरकार में पूरी तरह से नक्सली मुक्त भारत का निर्माण भारतीय जनता पार्टी ने किया है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 साल की ऐसी सभी उपलब्धियों को लेकर आप सभी को बूथ स्तर तक बैठक लेकर सभी रूप में पहुंचाना है।

पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी ने 5 जून से 21 जून तक कार्यक्रमों की रचना की है जिस पर हमें परिश्रम के साथ खुरई के भाजपा संगठन की परंपरा अनुसार शत प्रतिशत बूथ स्तर तक आयोजित करना है। इसमें 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर एक पेड़ मां के नाम वृक्षारोपण, 8-9 जून को विशेष संपर्क अभियान के तहत स्वच्छता एवं जलस्रोतों की सफाई, 10-11 जून को परियोजनाओं का भ्रमण,12जून को महत्वपूर्ण व वरिष्ठजनों से संपर्क, 13 जून को खुरई एवं 14 जून को मालथौन में जन कल्याण शिविर, 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रत्येक मंडल में पांच दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर के आयोजन सभी मंडलों को अनिवार्य रूप से आयोजित करना है।

ये रहे उपस्थित

उक्त तीनों कार्यक्रमों में भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल चैधरी, हेमचंद बजाज, राजपाल सिंह राजपूत, रवींद्र सिंह राजपूत, नीतेश यादव, अनिल पाराशर, अरविंद सिंह लोधी, जिला पदाधिकारी हरीशंकर कुशवाहा, पुष्पेंद्र सिंह, नपा अध्यक्ष नन्हीबाई अहिरवार, जनपद अध्यक्ष जमना प्रसाद अहिरवार, कृषि यंत्र निर्माता संघ अध्यक्ष चंद्र प्रताप सिंह, एसडीएम मनोज चैरसिया, डीएस रोहिणी प्रसाद चक्रवर्ती, महिला मोर्चा अध्यक्ष रश्मि सोनी, लक्ष्मी लोधी, वरिष्ठ पार्षद देशराज यादव, मनोज दुबे, मूरतसिंह पिपरिया, कमलेश राय, नीतिराज पटेल, राजू नागदा, राजू चंदेल, धर्मेंद्र निर्तला, राजेंद्र यादव कल्लू, श्रीमती निशा नागदेव, श्रीमती प्रतिभा पुरोहित, बसंत सत्संगी, सोनू चंदेल, सौरभ नेमा, मदन कुशवाहा, सचिन असाटी, गौशाला समिति अध्यक्ष अजीत सिंह अजमानी, आशीष पटैरिया, रवि रैकवार, राशिद बेग, मोना सिंघई, जितेंद्र सिंह धनोरा, प्रवीण अस्थाना, तहसीलदार श्रीमती ऋतु रॉय, सीएमओ राजेश, मंडी सचिव पुष्प राज, काशीराम मास्टर, विनोद राजहंस सहित सभी मोर्चा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, अधिकारी, कर्मचारी गण उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More