
सागर में जहरीली कच्ची शराब पर पुलिस का शिकंजा, 10 लीटर अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार
सागर। मोतीनगर पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लीटर अमानक कच्ची शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि बरामद शराब प्रथम दृष्टया जहरीली और मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक प्रतीत हो रही थी, जिसे समय रहते जब्त कर संभावित बड़ी घटना को टाल दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के नेतृत्व में जिलेभर में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मोतीनगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लेहदरानाका बड़ी नदी स्थित विसर्जन घाट के पास एक व्यक्ति अवैध कच्ची शराब बेच रहा है।
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राघव सोनी (25) निवासी विवेकानंद वार्ड, मोतीनगर बताया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सफेद प्लास्टिक कुप्पे में रखी करीब 10 लीटर अमानक कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार शराब मटमैले रंग की, तीव्र दुर्गंधयुक्त और हाथ से निर्मित थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2,500 रुपये है।
आरोपी शराब रखने एवं बिक्री के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34 एवं 49(क) के तहत मामला दर्ज कर शराब जब्त कर ली और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की विवेचना जारी है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, एएसआई भारत सिंह प्रधान, प्रधान आरक्षक भगवानदास, अरुण, दिनेश तथा आरक्षक पुष्पेन्द्र, संजय, चंदन और अखलेश की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबारियों और समाज में अपराध को बढ़ावा देने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।











