
गुना से दबोचा गया हत्या के प्रयास का फरार आरोपी, केंट पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सागर। हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर केंट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश की कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को गुना जिले से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार फरियादी अभिषेक जाटव निवासी गुरु गोविंद सिंह वार्ड, सागर की शिकायत पर आरोपी राजा अहिरवार, अमित अहिरवार, अज्जू अहिरवार एवं अर्जुन ठाकुर के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि आरोपियों ने एक राय होकर अभिषेक जाटव, सोनू जाटव और विकास वाल्मीकि के साथ मारपीट करते हुए जानलेवा हमला किया था, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के नेतृत्व में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अर्जुन ठाकुर (33) निवासी मढ़िया विट्ठल नगर, थाना केंट, जिला सागर, गुना जिले में छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
केंट पुलिस ने बताया कि गंभीर अपराधों में शामिल फरार आरोपियों और क्षेत्र में भय का वातावरण निर्मित करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित डोंगरे, प्रधान आरक्षक विनोद कुमार, दीपांश पाठक, सौरभ रैकवार, हेमेन्द्र सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










