
सागर में नकली VALVOLINE इंजन ऑयल का बड़ा भंडार पकड़ा गया, ₹1.08 लाख का माल जब्त
सागर। सागर की सिविल लाइन पुलिस ने नकली ब्रांडेड इंजन ऑयल के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए VALVOLINE ब्रांड के कथित नकली इंजन ऑयल का बड़ा भंडार जब्त किया है। पुलिस ने कॉपीराइट एवं ट्रेडमार्क उल्लंघन के मामले में एक आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, VALVOLINE कंपनी के अधिकृत असिस्टेंट मैनेजर अजय कुमार पुंडीर ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई थी कि क्षेत्र स्थित ड्रिलटेक इंटरप्राइजेज नामक प्रतिष्ठान पर कंपनी के उत्पादों की हूबहू नकल कर नकली इंजन ऑयल का भंडारण और विक्रय किया जा रहा है। शिकायत में बताया गया कि इस अवैध गतिविधि से कंपनी की साख को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ आर्थिक क्षति भी हो रही है।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कंपनी के विशेषज्ञों के साथ ड्रिलटेक इंटरप्राइजेज पर दबिश दी।
जांच के दौरान दुकान पर मौजूद संचालक निशांत तिवारी से पूछताछ की गई। कंपनी के विशेषज्ञों ने मौके पर उपलब्ध VALVOLINE ब्रांड के इंजन ऑयल की जांच की, जिसमें उत्पादों को मूल कंपनी के उत्पादों की भ्रामक एवं अवैध नकल पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि उत्पादों पर अंकित वेबसाइट और कस्टमर केयर नंबर गलत थे तथा पैकेजिंग पर कई अंग्रेजी शब्दों की वर्तनी में त्रुटियां थीं।
पुलिस ने मौके से छह भरे हुए और तीन खाली ऑयल ड्रम जब्त किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत ₹1,08,300 बताई गई है। आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 174/2026 के तहत कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 तथा ट्रेडमार्क अधिनियम की धारा 103 एवं 104 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। अपराध जमानती होने के कारण आरोपी को वैधानिक नोटिस देकर रिहा कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से नकली ब्रांडेड उत्पादों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और उपभोक्ताओं को धोखाधड़ी से बचाया जा सकेग











