
नवागत एसपी से मिले विधायक शैलेंद्र जैन, कटरबाज गैंगों पर सख्त कार्रवाई और यातायात सुधार की उठाई मांग
शैलेंद्र कुमार जैन ने जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया से सौजन्य भेंट कर शहर और जिले की कानून व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान विधायक जैन ने शहर में सक्रिय कथित “कटरबाज गैंग” की गतिविधियों पर चिंता व्यक्त करते हुए इनके खिलाफ कड़ी और प्रभावी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को बताया कि गैंग से जुड़े कुछ नाबालिग बच्चे नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं और रेडियम कटर जैसे धारदार उपकरण अपने साथ रखते हैं, जिससे नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। उन्होंने ऐसे तत्वों पर सख्ती से अंकुश लगाने की आवश्यकता बताई।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी विधायक ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने मुख्य कटरा बाजार क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग, ऑटो एवं ई-रिक्शा के अनियंत्रित संचालन तथा सड़क किनारे फल-सब्जी विक्रेताओं के कारण उत्पन्न जाम की समस्या का उल्लेख करते हुए यातायात सुधार के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने की जरूरत बताई।
इसके अलावा विधायक ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस की सक्रियता पर भी चर्चा की। उन्होंने पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई और बेहतर पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर नियंत्रण करना और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।











