
10 और 6 साल से फरार दो स्थायी वारंटी गिरफ्तार, मोतीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सागर। जिले में फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मोतीनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 वर्ष और 6 वर्ष से फरार चल रहे दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में जिलेभर में फरार आरोपियों, स्थायी वारंटियों, अवैध हथियार और अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना मोतीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 10 वर्ष से फरार स्थायी वारंटी गोलू उर्फ गोलू कुर्मी निवासी आमेट, थाना मोतीनगर तथा करीब 6 वर्ष से फरार स्थायी वारंटी खिलान आठिया (चढ़ार) निवासी रानीताल, थाना देवरी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट प्राप्त होने के बाद दोनों को केंद्रीय जेल सागर में न्यायिक अभिरक्षा में दाखिल कराया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों की गिरफ्तारी से कानून व्यवस्था को मजबूती मिली है तथा आमजन का विश्वास बढ़ा है। सागर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक अशोक, आरक्षक अभिषेक, आरक्षक बाबूलाल, आरक्षक नरस एवं आरक्षक गौरव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सागर पुलिस का संदेश: “अपराधी कितना भी पुराना या फरार क्यों न हो, कानून की पकड़ से बच नहीं सकता।”











