
नागरिक आपूर्ति निगम और वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन की सांठगांठ से खपाया जा रहा गुणवत्ता विहीन गेहूं।
पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने साईंखेड़ा वेयरहाउस पहुंचकर जानी हकीकत।
क्षेत्रीय संचालक ने निष्पक्ष जांच एवं दोषियों पर कार्रवाई का दिया आश्वासन।
निष्पक्ष जांच में बड़ा गंभीर घोटाला उजागर होगा……… सुरेन्द्र चौधरी
सागर / नागरिक आपूर्ति निगम एवं वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन की सांठगांठ से सड़ा-गला एवं अमानक स्तर का गेहूं साईंखेड़ा वेयरहाउस में खपाए जाने की लगातार मिल रही शिकायतों पर मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने बुधवार को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के साथ साईंखेड़ा वेयरहाउस की हकीकत जानी।इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने देखा कि महाराजा स्वयं सहायता समूह तालचिरी सागर से ट्रक क्रमांक एमपी-20-एचबी-4538 से लाया गया गेहूं उतारकर सायलो कैप में रखा जा रहा था। मौके पर गेहूं की गुणवत्ता देखने पर पाया गया कि वह अत्यंत निम्न स्तर एवं अमानक गुणवत्ता का था।जिस पर पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने वेयर हाउस में पदस्थ नागरिक आपूर्ति अधिकारी रोहित सिंह बघेल तथा वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन के अधिकारियों के समक्ष कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।उन्होंने मौके से ही नागरिक आपूर्ति निगम,सागर संभाग के क्षेत्रीय संचालक पी.के.अमरोती को पूरे मामले से अवगत कराते हुए निष्पक्ष जांच एवं दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।श्री चौधरी की आपत्ति के बाद क्षेत्रीय संचालक ने संबंधित अमानक गेहूं की खेप को निरस्त करने के निर्देश दिए तथा वेयरहाउस में सर्वेयरों द्वारा किए जा रहे कार्य,सैंपलिंग प्रक्रिया में अनियमितताओं एवं शासन के निर्देशों के पालन की जांच कराने का आश्वासन दिया।पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने नागरिक आपूर्ति निगम एवं वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि दोनों विभागों की मिलीभगत से गुणवत्ता-विहीन एवं अमानक गेहूं को खपाया जा रहा है। यदि साईंखेड़ा वेयर हाउस एवं सायलो कैप में रखे गेहूं तथा उसके लिए गए सैंपलों की निष्पक्ष जांच कराई जाती है, तो एक बड़ा घोटाला उजागर होगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अमानक एवं घटिया गुणवत्ता के गेहूं की खरीदी एवं भंडारण, सायलो कैप में पदस्थ सर्वेयरों तथा कर्मचारियों द्वारा निर्धारित बैच एवं ड्रेस का उपयोग नहीं किए जाने की भी उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए। यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी चुप बैठने वाली नहीं हैं।इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में पूर्व सरपंच शरद राजा सेन,जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष आर.आर.पाराशर, मोतीलाल पटेल,सुदीप पटेरिया,सत्यम सिंह, जीवनलाल,रुपेश कुमार आदि मौजूद थे।











