
जैन समाज पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी मामला: सागर से तीन युवक हिरासत में, पूछताछ के लिए अशोकनगर ले गई पुलिस
सागर। जैन समाज के संबंध में सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में अशोकनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सागर से तीन युवकों को हिरासत में लिया है। गुरुवार को अशोकनगर पुलिस की टीम सागर पहुंची और कोतवाली थाना क्षेत्र के झूला तिराहा इलाके से तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
जानकारी के अनुसार, अशोकनगर में जैन समाज के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने को लेकर मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संबंधित सोशल मीडिया गतिविधियों की पड़ताल की। जांच में कुछ संदिग्धों की लोकेशन सागर में मिलने पर अशोकनगर पुलिस की टीम तत्काल सागर रवाना हुई।
पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से झूला तिराहा क्षेत्र में दबिश देकर तीन युवकों को हिरासत में लिया और उन्हें कोतवाली थाना लाकर प्रारंभिक पूछताछ की। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों को आगे की पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया के लिए अशोकनगर ले जाया गया।
इधर, कार्रवाई की जानकारी मिलते ही जैन समाज के लोग भी कोतवाली थाना पहुंच गए। समाज के प्रतिनिधियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि किसी भी समाज या धर्म के प्रति सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करती है और ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणियों की सत्यता एवं अन्य पहलुओं की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तीनों युवकों से पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।










