अग्रणी कॉलेज की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय की परीक्षाओं का लिया जायजा

अग्रणी कॉलेज की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय की परीक्षाओं का लिया जायजा

​उच्च शिक्षा अतिरिक्त संचालक डॉ. नीरज दुबे के निर्देश परखीं व्यवस्थाएं; 429 में से 412 परीक्षार्थी मिले उपस्थित

​सागर/ माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय भोपाल की मई-जून 2026 की सेमेस्टर परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय सागर की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने परीक्षा केंद्र क्रमांक 333, इमानुएल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सागर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा संबंधी तमाम व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उक्त कार्यवाही उच्च शिक्षा विभाग के क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक डॉ. नीरज दुबे के आदेश एवं जिला कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त निर्देश के पालन में की गई।

10 संस्थाओं के परीक्षार्थी हो रहे शामिल; उपस्थिति का ग्राफ रहा बेहतर

निरीक्षण के दौरान अग्रणी कॉलेज की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने इमानुएल स्कूल के प्राचार्य आनंद मुकुंद गुप्ता तथा केंद्र अध्यक्ष वंदना जूड़ा की उपस्थिति में परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर बैठक व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा संबंधी प्रबंधों को परखा। परीक्षा केंद्र के सुचारू संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया गया कि इस विशेष केंद्र पर जिले की 10 अलग-अलग शिक्षण संस्थाओं के परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। आंकड़ों की समीक्षा करने पर पाया गया कि दर्ज कुल 429 परीक्षार्थियों में से 412 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि मात्र 17 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। निरीक्षण के उपरांत अग्रणी कॉलेज की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता द्वारा वस्तुस्थिति की विस्तृत रिपोर्ट क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक कार्यालय को प्रेषित की जा रही है।

विश्वविद्यालय द्वारा जारी आधिकारिक सूची और प्रशासनिक निर्देशों के अनुसार, सागर संभाग और जिले के अंतर्गत आने वाले प्रमुख शिक्षण संस्थानों इमानुएल हायर सेकेंडरी स्कूल (कैंट, सागर) के साथ-साथ सरस्वती शिशु मंदिर (पगारा मार्ग, सागर) और जनता हायर सेकेंडरी स्कूल (पुरव्याऊ टोरी, सागर) को इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए केंद्र बनाया गया है। इसके अतिरिक्त ग्रामीण अंचलों के परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए शासकीय एक्सीलेंस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (रहली) तथा शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (बंडा) में भी परीक्षा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।
आगामी 12 जून तक चलने वाली उक्त परीक्षाएं सभी निर्धारित केंद्रों पर दो पालियों (सुबह 9 से 12 और दोपहर 2 से 5 बजे) में आयोजित हो रही हैं। इन सभी केंद्रों पर नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने, सिटिंग अरेंजमेंट को व्यवस्थित रखने और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने के लिए जिला कलेक्टर के निर्देश पर क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा डॉ. नीरज दुबे एवं शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता द्वारा इन केंद्रों की गतिविधियों पर सतत निगरान रखी जा रही हैं।

Leave a Comment

Read More