मोतीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के मामले में 8 आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए

मोतीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के मामले में 8 आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए
सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित हत्या प्रकरण का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना के 48 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें केंद्रीय जेल सागर भेजने के आदेश दिए गए।
पुलिस के अनुसार ग्राम अमावनी निवासी वर्षा पटेल द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया था कि उनके परिवार की लगभग चार एकड़ कृषि भूमि के समीप कुछ लोगों द्वारा प्लॉटिंग का कार्य किया जा रहा था। 3 जून 2026 को दोपहर के समय कुछ लोग मोटरसाइकिलों से मौके पर पहुंचे और खेत में लगी तार फेंसिंग तथा लकड़ी की बल्लियां उखाड़ने लगे।
विरोध करने पर फरियादिया के ससुर नंदराम पटेल के साथ आरोपियों ने कथित रूप से गाली-गलौज की और लकड़ी की बल्लियों, डंडों तथा तलवार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नंदराम पटेल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद मोतीनगर थाना पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई कार्रवाई के आधार पर पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में यशवंत उर्फ विकास खटीक, ध्रुव अहिरवार, दिलीप अहिरवार, हुकुमचंद कोरी, विनोद पटेल, दयाराम कुशवाहा, अंकित कोरी तथा शाहरूख राईन शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत सहित मोतीनगर थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और आवश्यकतानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Read More