
विश्व पर्यावरण दिवस पर नरयावली में हरित अभियान: विधायक प्रदीप लारिया ने किया वृहद वृक्षारोपण
(“एक वृक्ष, अनेक जीवन” का संदेश देकर पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी का किया आह्वान)
मकरोनिया/05.06.2026; विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर वृहद वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का जनसंदेश दिया। उन्होंने नगर पालिका मकरोनिया के वार्ड क्रमांक-7 स्थित मकरोनिया-बण्डा मार्ग डिवाइडर, वार्ड क्रमांक-18 स्थित शबरी सरोवर झील परिसर, नगर परिषद कर्रापुर अंतर्गत मुख्यमंत्री अधोसंरचना मार्ग के डिवाइडर पर पौधरोपण कर नागरिकों से अधिकाधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विधायक लारिया ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का स्मरण कराने वाला महत्वपूर्ण अवसर है। वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण, जल संकट एवं पर्यावरणीय असंतुलन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने कहा कि एक वृक्ष केवल ऑक्सीजन का स्रोत नहीं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार भी है।
कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, मातृशक्ति, युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। विभिन्न स्थलों पर आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रमों में नगर पालिका अध्यक्ष मिहीलाल, जिला पंचायत सदस्य शारदा खटीक, भानुप्रताप,पार्षदगण,एल्डरमैन, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह अभियान क्षेत्र में हरित चेतना, जनभागीदारी और सतत विकास के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रेरक उदाहरण बना।











