
सागर में एमडी ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का खुलासा, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार, 16.45 ग्राम ड्रग्स जब्त
सागर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोतीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) तस्करी से जुड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने एक पुरुष और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 16.45 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 5 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भोपाल रोड बस स्टैंड के पास एक युवक अवैध मादक पदार्थ बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना के आधार पर मोतीनगर पुलिस ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सौरभ उर्फ रॉबिन पांडेय (30) निवासी तिरूपतिपुरम, सागर बताया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 13.61 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में सामने आया ड्रग्स सप्लाई का नेटवर्क
पुलिस पूछताछ और आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर मादक पदार्थ के स्रोत तक पहुंची। जांच के दौरान शैलजा सोनी को भी मामले में आरोपी बनाया गया। उसके कब्जे से 2.84 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 15 हजार रुपये है। पुलिस ने महिला आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
इस कार्रवाई में कुल 16.45 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है।
एक आरोपी फरार, नेटवर्क की जांच जारी
प्रारंभिक जांच में पुलिस को संकेत मिले हैं कि इस अवैध कारोबार में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। मामले का एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लाई चैन और खरीद-बिक्री से जुड़े पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत राजपूत, उप निरीक्षक लोकेश पटेल, प्रधान आरक्षक दिनेश यादव, सुनील चौबे तथा आरक्षक अनुराग वैद्य, सत्येन्द्र, गुड्डू शर्मा, चंदन बिल्थरे और ब्रजेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने कहा है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों और उनके नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।











