
डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. नवीन सिंह बने राज्य आयुक्त (दिव्यांगजन) सलाहकार समिति के सदस्य
सागर। डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर के शिक्षाशास्त्र विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. नवीन सिंह को मध्यप्रदेश शासन की राज्य आयुक्त (दिव्यांगजन) सलाहकार समिति का सदस्य नामित किया गया है। यह नियुक्ति दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 की धारा 79(7) के अंतर्गत की गई है।
मध्यप्रदेश शासन के आयुक्त, दिव्यांगजन कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार डॉ. नवीन सिंह को उनके शिक्षा, शोध, प्रशिक्षण एवं व्यावहारिक अनुभव के आधार पर समिति में शामिल किया गया है। समिति के सदस्य के रूप में वे दिव्यांगजन अधिकारों, समावेशी शिक्षा, पुनर्वास तथा नीतिगत सुधारों से जुड़े विषयों पर अपने सुझाव और विशेषज्ञ परामर्श प्रदान करेंगे।
नियुक्ति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए डॉ. नवीन सिंह ने कहा कि वे दिव्यांगजन अधिकारों, समावेशी शिक्षा और समान अवसरों के क्षेत्र में पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे तथा राज्य सरकार को रचनात्मक और व्यावहारिक सुझाव उपलब्ध कराएंगे।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार, शिक्षाविदों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने डॉ. नवीन सिंह को बधाई दी है। शिक्षाविदों का मानना है कि उनकी नियुक्ति से राज्य स्तर पर दिव्यांगजन हितों से संबंधित नीतियों और कार्यक्रमों को नई दिशा मिलेगी।











