भारी बारिश के बीच केंद्रीय जेल सागर में भावुक हुआ रक्षाबंधन, बहनों ने 1171 बंदी भाइयों की कलाई पर बांधा रक्षासूत्र


सागर, 28 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर केंद्रीय जेल सागर में भावुक कर देने वाले दृश्य देखने को मिले। जेल मुख्यालय मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार जेल में रक्षाबंधन का आयोजन प्रातः 8 बजे से सायंकाल 6:30 बजे तक किया गया। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में बंदियों की बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधने जेल पहुंचीं।
कार्यक्रम के दौरान लगभग 1171 बंदी भाइयों से 2975 बहनों और 1385 बच्चों ने खुली मुलाकात की। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य और शीघ्र रिहाई की कामना की। जेल प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया कि किसी भी बंदी की बहन को निराश होकर वापस न लौटना पड़े और सभी को अपने भाई से खुली मुलाकात का अवसर मिले।
बारिश के बीच जेल प्रशासन ने की बेहतर व्यवस्था
रक्षाबंधन कार्यक्रम के दौरान भारी बारिश होने के बावजूद जेल प्रशासन द्वारा बहनों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। जेल प्रबंधन की ओर से मिठाई, रोली, चावल, राखी और नारियल उपलब्ध कराए गए। जेल एवं पुलिस बल के सहयोग से पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
इस दौरान भाई-बहन के मिलन के कई भावुक क्षण देखने को मिले। लंबे समय बाद अपने बंदी भाइयों से मुलाकात कर बहनों ने राखी बांधी और उनके बेहतर भविष्य की कामना की।
इनका रहा विशेष सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में  मनोज मिश्रा, कार्यवाहक उप जेल अधीक्षक,  गीता राठौड़,  पंकज कुशवाह,  सौरभ सिंह,  अमित रघुवंशी, सहायक जेल अधीक्षक, अन्य कर्मचारीगण तथा जेल प्रशिक्षण केंद्र सागर में प्रशिक्षणरत प्रशिक्षु प्रहरियों का विशेष सहयोग रहा। पुलिस बल ने भी कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Comment

Read More