मोतीनगर पुलिस और साइबर सेल का कमाल, 2 दिन में फरियादी के ₹2.59 लाख वापस ऑनलाइन ठगी के शिकार फरियादी को बड़ी राहत

ऑनलाइन ठगी के शिकार फरियादी को बड़ी राहत, 2 दिन में लौटाए ₹2.59 लाख
सागर। मोतीनगर पुलिस एवं सागर साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई से ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के शिकार एक फरियादी को बड़ी राहत मिली है। पुलिस ने तकनीकी समन्वय और संबंधित वित्तीय संस्थानों के सहयोग से ₹2,59,429 की पूरी ठगी की राशि वापस कराने में सफलता हासिल की है।
8 सितंबर 2026 को मोतीनगर निवासी देवाशीष गंगोपाध्याय के क्रेडिट कार्ड से अज्ञात जालसाजों द्वारा ऑनलाइन धोखाधड़ी कर ₹2,59,429 निकाल लिए गए थे। घटना के तुरंत बाद फरियादी ने एक्सिस बैंक कस्टमर केयर से संपर्क कर कार्ड ब्लॉक कराया और राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही मोतीनगर पुलिस और सागर साइबर सेल सक्रिय हो गए। पुलिस टीम ने तकनीकी माध्यमों से लेन-देन की जांच करते हुए संबंधित वित्तीय संस्थानों और मर्चेंट से तत्काल संपर्क किया। Amazon Pay India Private Limited सहित संबंधित संस्थानों से समन्वय कर संदिग्ध ट्रांजैक्शन को रोकने और राशि सुरक्षित कराने के प्रयास किए गए।
पुलिस के त्वरित हस्तक्षेप तथा एक्सिस बैंक और अमेजन पे हेल्पडेस्क के सहयोग से संबंधित ट्रांजैक्शन को निरस्त कराया गया और फरियादी की पूरी ₹2,59,429 की राशि रिफंड कराई गई। शिकायत के महज दो दिनों के भीतर राशि वापस मिलने से पुलिस की त्वरित साइबर कार्रवाई सामने आई है।
साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत करें शिकायत
सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर घबराएं नहीं और बिना देरी किए 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करें या राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। साथ ही नजदीकी थाना अथवा साइबर सेल को भी तत्काल सूचना दें।
पुलिस के अनुसार, साइबर फ्रॉड की सूचना जितनी जल्दी पुलिस तक पहुंचेगी, ठगी की राशि को होल्ड/फ्रीज कराकर वापस कराने की संभावना उतनी ही अधिक होगी।
सागर पुलिस — साइबर अपराध के विरुद्ध सतर्क, तत्पर एवं प्रतिबद्ध।

Leave a Comment

Read More